चाईबासा में ट्रैक्टर से टकराई बाइक, सड़क हादसे में 3 की मौत
चाईबासा सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई. तीनों एक ही बाइक पर सवार थे.

Published : December 24, 2025 at 5:22 PM IST
चाईबासा: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत आचु गांव में एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है. हादसा उस समय हुआ जब एक अनियंत्रित बाइक सड़क के किनारे लकड़ी से लदे ट्रैक्टर से जा टकराई.
मिली जानकारी के अनुसार, चार युवक एक बाइक पर सवार होकर जड़ी-बूटी की दवा बनवाने चीरु हाट गए थे. देर रात घर लौटने के दौरान आचु गांव के समीप मोड़ के पास खड़े ट्रैक्टर से उनकी बाइक टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों युवक सड़क पर गिर पड़े.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया. जबकि एक युवक की स्थिति नाजुक बताई जा रही है. उसे बेहतर इलाज के लिए निगरानी में रखा गया है.
पुलिस को देख फरार हुआ चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक पुलिस के पहुंचने से पहले ही अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया. बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पर लकड़ी लदी हुई थी और वह सड़क किनारे बिना किसी चेतावनी संकेत के खड़ा था.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना चाईबासा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं, पुलिस ट्रैक्टर मालिक और फरार चालक की पहचान करने में जुट गई है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क किनारे भारी वाहनों को बिना सुरक्षा संकेत के न खड़ा करें, ताकि इस तरह की घटनाएं न हो सके.
ये भी पढ़ें: गोड्डा में धान लदा ट्रैक्टर गड्ढे में पलटा, चालक और खलासी की मौत
स्कूटी में मारी टक्कर फिर चलती ट्रेलर को छोड़ फरार हो गया चालक, चाचा-भतीजे समेत तीन की मौत

