गंगोत्री हाईवे पर गहरी खाई में गिरी बाइक, दो युवक घायल, तीसरे की तलाश जारी
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवक घायल हो गए, जबकि तीसरे युवक की तलाश जारी है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : July 2, 2026 at 9:24 AM IST
उत्तरकाशी: उत्तराखंड में सड़क हादसों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है. आए दिन हादसों में लोगों की जान जा रही है. वहीं गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भैरवघाटी के समीप एक बाइक हादसे का शिकार हो गई. हादसे में दो युवक घायल हो गए, जबकि तीसरे युवक की तलाश जारी है. दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
गौर हो कि बीते देर रात्रि चौकी गंगोत्री से सूचना प्राप्त हुई कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भैरवघाटी से लगभग 3 किलोमीटर आगे गंगोत्री की ओर एक मोटरसाइकिल (संख्या UP-20AN-7789) दुर्घटनाग्रस्त हो गई है. सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ टीम प्रभारी उपनिरीक्षक देवीदत्त बड़थ्वाल के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई. घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति सवार थे.
दुर्घटना में दो व्यक्ति सामान्य रूप से घायल हुए, जिन्हें 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से उपचार हेतु अस्पताल भेज दिया गया. वहीं तीसरे व्यक्ति सुरेश लामा (उम्र 26 वर्ष), पुत्र कुलबहादुर, निवासी नेपाल, हाल निवासी हिमाचल प्रदेश, के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई. एसडीआरएफ टीम द्वारा संभावित क्षेत्र में देर शाम तक सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया. लापता व्यक्ति की तलाश हेतु एसडीआरएफ द्वारा सभी संभावित स्थानों पर व्यवस्थित एवं गहन खोजबीन की जा रही है. सर्च अभियान लगातार जारी है. एसडीआरएफ टीम द्वारा स्थानीय पुलिस एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के समन्वय से लापता व्यक्ति को जल्द खोजने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं.
बता दें कि उत्तरकाशी में 19 जून को चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में खालसी रोड पर राणो की गाड़ नामक स्थान के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई थी. कार हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जबकि, दूसरा युवक हादसे में गंभीर घायल हो गया था. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. कार रोड से फिसलकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची थी. दोनों टीमों में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया. घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया.
पढ़ें-

