बीकानेर पुलिस ने बरामद किए 40 लाख के गुम और चोरी गए 170 मोबाइल फोन
CISR पोर्टल से फोन पर निगरानी रखी जा रही थी. जैसे ही यह मोबाइल ऑन हुए, तब पुलिस इन तक पहुंची और बरामद किए.

Published : January 23, 2026 at 4:12 PM IST
बीकानेर: जिला पुलिस ने बीकानेर के 16 थाना क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए 170 मोबाइल बरामद किए. इनकी कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई गई है. अलग-अलग थाना क्षेत्र और साइबर पुलिस थाने में दर्ज गुमशुदगी के प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए मोबाइल बरामद किए गए हैं.
पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने सदर थाना सभागार में शुक्रवार को मीडिया को बताया कि CISR पोर्टल के माध्यम से इन मोबाइल फोन पर निगरानी रखी जा रही थी. जैसे ही यह मोबाइल ऑन हुए, तब पुलिस इन तक पहुंची और बरामद किए. एसपी सागर ने बताया कि आज से इन मोबाइल को उनके मूल मालिक तक लौटाया जा रहा है. उनको सूचना भेजी गई है. थाना और साइबर सेल के माध्यम से इन मोबाइल के असली मालिकों को उनको दिया जाएगा.
पढ़ें: मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाने थाने पहुंचे डीसीपी, जानिए पूरा मामला
पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि ज्यादातर गुम और चोरी हुए मोबाइल बुजुर्ग, महिला और स्टूडेंट के हैं. मोबाइल की बरामदगी राजस्थान के साथ यूपी, एमपी, बिहार, हरियाणा समेत कई राज्यों से हुई है. एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने कहा कि साइबर फ्रॉड और ऐसी घटनाओं पर 1930 पर तुरंत सूचना देने से काफी हद तक पुलिस को मदद मिलती है. इस तरह की घटनाओं की रोकथाम में मदद होती है.


