Bikaner Girl Murder : आरोपी गिरफ्तार, मांगों पर लिखित आश्वासन के बाद बनी सहमति
मासूम बच्ची की हत्या मामले में बीकानेर के बज्जू हॉस्पिटल के बाहर 4 दिन से जारी धरना मंगलवार को समाप्त हो गया.

Published : February 24, 2026 at 3:55 PM IST
बीकानेर: मासूम बच्ची की हत्या के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और अन्य मांगों को लेकर चल रहा धरना मंगलवार दोपहर सहमति के बाद खत्म हो गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन आंदोलन कर रहे लोग पीड़ित परिवार को एक करोड़ मुआवजा, सरकारी नौकरी और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे रहे. इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों के साथ वार्ता शुरू हुई. वार्ता के बीच वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी भी धरना स्थल पर पहुंचे, जहां पहले से मौजूद पूर्व ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी, कांग्रेस नेता महेंद्र गहलोत और सहित अन्य लोग मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे.
बात से बनी बात : इस दौरान पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी ने मामले में पहल करते हुए सरकार स्तर पर हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. वहीं, प्रशासन की ओर से आंदोलनकारी की मांगों के अनुरूप सरकार को प्रस्तावित निर्णय का लिखित पत्र दिया गया, जिसमें एक करोड़ रुपए का मुआवजा फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामले को चलाने और पीड़ित परिवार की एक सदस्य को नौकरी की मांग थी. इसके अलावा पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी, पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी, श्याम सिंह भाटी सहित अन्य लोगों में अपनी तरफ से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और मौके पर ही 60 लाख रुपए की घोषणा हो गई.
सहमति के बाद पोस्टमार्टम : पूर्व ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने कहा कि प्रशासन और पुलिस के आलाधिकारियों के साथ सभी लोगों की बैठक हुई और बैठक में सहमति बनी. अब आंदोलन को समाप्त किया जा रहा है.
पीड़ित परिवार के साथ : उधर केश कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र गहलोत ने कहा कि आंदोलन में सर्व समाज के लोगों ने अपना योगदान दिया और यही कारण रहा कि आंदोलन को सफलता मिली. पीड़ित परिवार को जब तक न्याय नहीं मिलता, तब तक हम पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहेंगे. उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी सरकार के प्रतिनिधि के रूप में हमारे बीच में पहुंचे और हमारी बात को समझा है. हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है.
पढ़ें : बज्जू में बच्ची की हत्या से रोष, तीसरे दिन भी नहीं टूटा गतिरोध, कैंडल मार्च निकाला
पुलिस कर रही जांच : उधर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीएल मीणा ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि पीड़िता के पड़ोस का रहने वाला ही युवक आरोपी निकला है. अब उससे पूरी घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की जाएगी. फिलहाल, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और पुलिस ने सीसीटीवी और अन्य साक्ष्य जुटाकर अनुसंधान कर रही है.

