बिजनौर में युवक की गोली मार कर हत्या, साथ गए तीन दोस्तों पर हत्या का आरोप
हल्दौर थाना क्षेत्र के खारी गांव का मामला. पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का केस दर्ज किया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 6, 2026 at 2:33 PM IST
बिजनौर : हल्दौर थाना क्षेत्र के खारी गांव में सोमवार रात एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी. युवक का शव गौसपुर मार्ग पर स्थित गन्ने के खेत में मिला. शव के पास एक पुरानी देसी बंदूक, चप्पल और टार्च पड़ी थी. बताया जा रहा है कि युवक सोमवार रात कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था. घटना के बाद से दोस्त फरार बताए जा रहे हैं. हालांकि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने के साथ अन्य पहलुओं पर जांच की बात कह रही है.
सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि हल्दौर थाना क्षेत्र के खारी गांव में युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी. प्राथमिक जांच में पता चला कि खारी गांव का रहने वाला इस्लामुद्दीन (38) लोहे की बिल्डिंग का काम करता था. इस्लामुद्दीन सोमवार रात घर से निकला था. बाद में वह कुछ दोस्तों के साथ खेत की तरफ चला गया, लेकिन काफी रात तक घर नहीं लौटा. उसका फोन भी बंद आ रहा था. इसके बाद परिजनों ने खोज शुरू की. देर रात तक खोजबीन के बाद कुछ पता नहीं चला.
सीओ सिटी के मुताबिक परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 2-3 बजे के बीचे गौसपुर गांव के पास इस्लामुद्दीन का शव मिला था. इस्लामुद्दीन के पेट में गोली लगी थी और खून बह रहा था. शव के पास से एक देसी बंदूक, चप्पल व टार्च पड़ी थी. परिजनों के अनुसार इस्लामुद्दीन गांव के ही तीन युवकों के साथ निकला था. परिजन दोस्तों पर ही हत्या का संदेह जता रहे हैं. घटना के बाद से तीनों आरोपी भी फरार हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मौत की असल वजह सामने आएगी.
यह भी पढ़ें : बिजनौर में मर्डर: पुरानी रंजिश को लेकर युवक को उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार

