विश्वासघात ; घर जमाई ने सास-ससुर और पत्नी को नशीली चाय पिलाकर करोड़ों के जेवरात उड़ाए, 4 आरोपी सहित गिरफ्तार
बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र में हुई रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज घटना.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 12:14 PM IST
बिजनौर : नहटौर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना के खुलासे से हर कोई हतप्रभ है. पुलिस ने बीती 26 फरवरी को हुई चोरी के एक मामले में घर जमाई और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से चोरी किए 2.173 किलो सोने के जेवरात, 23.5 किलो चांदी, 50 ग्राम सोने का बिस्किट, 10 ग्राम सिक्का, 2.80 लाख की नगदी बरामद की है.
एसपी देहात प्रकाश कुमार के मुताबिक बीती 26 फरवरी को कस्बा नहटौर निवासी संतोष कुमार वर्मा ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके दामाद नवीन चौहान ने पत्नी और पुत्री को नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया. इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के करोड़ों के जेवरात और नगदी चोरी करके फरार हो गया. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई थी.
मुखबिर से 28 फरवरी को आरोपी नवीन चौहान और साथियों की मौजूदगी बेगराजपुर अड्डा क्षेत्र में होने की सूचना मिली. इसके बाद जनपदीय स्वाट व सर्विलांस टीम के सहयोग से बेगराजपुर अड्डा क्षेत्र से नवीन चौहान और उसके दो साथियों कुनाल व शिवम चौहान को गिरफ्तार किया गया. आरोपी हल्दौर से हरिद्वार की ओर जाने की फिराक में थे. पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में सामने आए एक अन्य आरोपी ज्वैलर शिवम सैनी निवासी ग्राम पुरैना, थाना नूरपुर को भी ग्राम तरकोला रोड से गिरफ्तार किया गया. उसके पास से 23.5 किलोग्राम चांदी बरामद की गई. जिसे गलाकर सिल्ली के रूप में परिवर्तित किया जा चुका था.
पूछताछ में मुख्य आरोपी नवीन चौहान ने बताया है कि उसका विवाह अक्टूबर 2024 में स्वाति वर्मा से हुआ था. वह ससुराल में घर जमाई के रूप में रहकर अपने ससुर से ज्वैलरी का काम सीख रहा था. इसी दौरान उसे घर में रखे जेवरात की पूरी जानकारी हुई. नवीन के अनुसार ससुर अपनी संपत्ति अन्य रिश्तेदारों के नाम करने की सोच रहे थे. इसके बाद लालच में आकर अपने भाई कुनाल और मित्र शिवम चौहान के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी. योजना के तहत 25 फरवरी की शाम नशीली गोलियां चाय में मिलाकर सास, ससुर और पत्नी को पिला दीं. तीनों के गहरी नींद में सो जाने के बाद घटना को अंजाम दिया.
यह भी पढ़ें : एक साल तक सोनम कपूर की ससुराल में होती रही चोरी, आरोपियों का खुलासा

