बीजापुर दौरे पर पहुंची मंत्री राजवाड़े, बोलीं- बस्तर के विकास पर सरकार का फोकस, महतारी वंदन योजना का पोर्टल जल्द होगा शुरू
बस्तर संभाग के अलग-अलग जिलों का दौरा कर रहीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कहा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 27, 2026 at 4:25 PM IST
बीजापुर: छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को बीजापुर पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने समीक्षा बैठक की साथ ही सर्किट हाउस में मीडिया से चर्चा की. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर के आदिवासी क्षेत्रों के विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है.
आंगनबाड़ी, अस्पताल और स्कूलों का करेंगी निरीक्षण
मंत्री ने बताया कि अपने दौरे के दौरान वे जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों, अस्पतालों, स्कूलों और पोषण से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगी. साथ ही महिलाओं और बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं और विभागीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा करेंगी.
समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
बीजापुर प्रवास के दौरान मंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक ली. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे. उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

कुपोषण दूर करने के लिए मुनगा और केला वितरण पर जोर
बैठक में कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र और घर में मुनगा (सहजन) का पौधा लगाया जाए. उन्होंने कहा कि यह पौधा पोषण से भरपूर होता है और बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा किशोरियों के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है. इसके अलावा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को प्रतिदिन एक केला देने के निर्देश भी दिए गए ताकि उनके पोषण स्तर और वजन में सुधार हो सके.
बीजापुर को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने की पहल
मंत्री ने बाल विवाह रोकने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय समुदाय मिलकर बीजापुर को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने की दिशा में काम करें.
महतारी वंदन योजना का पोर्टल जल्द होगा शुरू
बैठक में महतारी वंदन योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री ने बताया कि योजना का पोर्टल जल्द दोबारा शुरू होने वाला है. उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और पात्र महिलाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे.
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर भी जोर
मंत्री ने नोनी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना और सक्षम योजना की भी समीक्षा की. उन्होंने सक्षम योजना के तहत पात्र महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए.
चाइल्ड हेल्पलाइन और रिक्त पदों पर भी समीक्षा
उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन का गांव-गांव तक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद बच्चों को समय पर सहायता मिल सके. विभाग में रिक्त पदों को जल्द भरने और बाल कल्याण समिति के लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण करने के भी निर्देश दिए.
बस्तर के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बस्तर में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पोषण और महिला सशक्तिकरण पर लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि शांति और विकास साथ-साथ आगे बढ़ेंगे, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके. समीक्षा बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी बिस्मिता पटले सहित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.

