मलाईदार कुर्सियां छूटीं, अब संभालनी होगी कक्षा, 74 कर्मचारियों का अटैचमेंट खत्म
बीजापुर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई से स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ेगी और छात्रों को इसका लाभ मिलेगा.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 4, 2026 at 7:38 AM IST
बीजापुर: जिले में शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के उद्देश्य से कलेक्टर ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है. विभिन्न शासकीय कार्यालयों में वर्षों से अटैच चल रहे 74 कर्मचारियों का अटैचमेंट समाप्त कर दिया है. इस फैसले के बाद अब ये सभी कर्मचारी अपने मूल पदस्थापना वाले स्कूलों में लौटकर शिक्षण कार्य की जिम्मेदारी निभाएंगे. प्रशासन के इस निर्णय से शिक्षा विभाग सहित अन्य कार्यालयों में हलचल मच गई है.
स्कूलों में दूर होगी टीचर्स की कमी
जानकारी के अनुसार, इनमें कई कर्मचारी पिछले 10 से 15 वर्षों से अलग-अलग विभागीय कार्यालयों में संलग्न थे. लंबे समय से स्कूलों से दूर रहने के कारण कई शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षकों और कर्मचारियों की कमी बनी हुई थी, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी. इसे गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सभी ऐसे मामलों की समीक्षा की और अटैचमेंट समाप्त करने का निर्णय लिया.

कलेक्टर के निर्देश के बाद जारी आदेश में संबंधित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से अपने मूल विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही स्पष्ट किया गया है कि बिना सक्षम अनुमति के किसी भी कर्मचारी को कार्यालयों में संलग्न नहीं रखा जाएगा.

स्कूल में बच्चों को मिलेगा लाभ
प्रशासन का मानना है कि इस निर्णय से स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ेगी और विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई का लाभ मिलेगा. लंबे समय से खाली पड़े पदों पर भी कार्य व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है.

जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि कर्मचारी कितनी जल्दी अपने-अपने विद्यालयों में पहुंचकर शिक्षण कार्य शुरू करते हैं और इसका जिले की शैक्षणिक व्यवस्था पर कितना सकारात्मक प्रभाव पड़ता है.

