बिहार के युवक की संदिग्ध मौत, बैंगलुरू में AXIS बैंक की कर रहा था ट्रेनिंग
बेंगलुरु में बिहार के युवक की ट्रेनिंग के दौरान संदिग्ध मौत ने परिजनों को सदमे में डाल दिया. वह एक्सिस बैंक जॉइन करने वाला था-

Published : May 22, 2026 at 7:02 PM IST
मोतिहारी : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के ढाका क्षेत्र से एक दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. बेंगलुरु स्थित एक एक्सिस बैंक के ट्रेनिंग सेंटर में 24 वर्षीय युवक चुन्नू कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि चुन्नू कुमार का चयन एक्सिस बैंक में हो चुका था और जॉइन करने से पहले वह BFSI की मणिपाल एकेडमी में ट्रेनिंग ले रहे थे.
एकेडमी में ट्रेनिंग ले रहा छात्र की संदिग्ध मौत : सोमवार शाम चुन्नू कुमार का शव हॉस्टल के कमरे में लटका हुआ बरामद हुआ. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है. मृतक चुन्नू कुमार बिहार के मोतिहारी जिले के ढाका क्षेत्र अंतर्गत बरेवा वार्ड नंबर 6 का रहने वाला था. उसके पिता का नाम मुन्ना कुमार और माता का नाम सुनयना देवी है.
बैंक में ज्वाइनिंग से पहले आई मौत की खबर : चुन्नू परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था. बड़ा भाई दीपक कुमार अपने पिता के साथ चांदी की कारीगरी का काम करता है. बड़ी बहन नेहा कुमारी की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटी बहन खुशबू कुमारी अभी पढ़ाई कर रही है. परिवार को चुन्नू से काफी उम्मीदें थीं, क्योंकि उसने मेहनत के दम पर बैंकिंग सेक्टर में नौकरी हासिल की थी.
परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग : परिजनों का आरोप है कि मौत की परिस्थितियां संदिग्ध हैं और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. परिवार का कहना है कि चुन्नू पढ़ाई और करियर को लेकर काफी गंभीर था और बैंकिंग सेक्टर में नौकरी मिलने से बेहद खुश था. ऐसे में अचानक हुई इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. मृतक के पिता मुन्ना कुमार ने प्रशासन से मामले की गहन जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
7 जुलाई को आने वाला था घर : जानकारी के अनुसार चुन्नू कुमार हाल ही में एक्सिस बैंक में चयनित हुआ था. बैंक जॉइन करने से पहले उसे बेंगलुरु स्थित BFSI की मणिपाल एकेडमी में ट्रेनिंग के लिए भेजा गया था. परिवार वालों ने बताया कि वह 7 जुलाई को घर आने वाला था और नियुक्ति पत्र मिलने के बाद नौकरी शुरू करता. चुन्नू की सफलता से पूरा परिवार बेहद खुश था और गांव में भी खुशी का माहौल था, लेकिन अचानक आई उसकी मौत की खबर ने सबको सदमे में डाल दिया.

हॉस्टल के अंदर संदिग्ध मौत की जांच : घटना सोमवार शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है. चुन्नू के साथ हॉस्टल में रहने वाले उसके रूममेट अंकित ने कमरे का दरवाजा बंद देखा. काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने अंदर जाकर देखा तो चुन्नू फंदे से लटका हुआ था. यह दृश्य देखकर हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना तुरंत एकेडमी प्रशासन और स्थानीय पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
ट्रेनिंग सेंटर में प्रताड़ित करने का आरोप : परिजनों का आरोप है कि चुन्नू पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था. परिवार वालों के अनुसार ट्रेनिंग सेंटर में क्लास के दौरान खराब प्रदर्शन को लेकर उसकी बेइज्जती की गई थी. कहा जा रहा है कि उसे सबके सामने अपमानित किया गया, जिससे वह काफी परेशान रहने लगा था. परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक दबाव के कारण उसने यह कदम उठाया. परिवार वालों ने एकेडमी के कुछ स्टाफ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
मेहनती लड़का था चुन्नू : चुन्नू के पिता मुन्ना कुमार और अन्य परिजनों का कहना है कि- ''वह बेहद शांत स्वभाव का और मेहनती लड़का था. उसने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने का सपना देखा था और बैंक की नौकरी लगने के बाद पूरे परिवार की उम्मीदें उससे जुड़ गई थीं. लेकिन उसकी मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है.'' मां सुनयना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं.

सख्त कार्रवाई की मांग : घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया. आसपास के लोग और रिश्तेदार लगातार परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं. ग्रामीणों ने भी इस मामले में सख्त जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. रिश्तेदारों का कहना है कि- ''यदि किसी छात्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हो.''
मामले की जांच शुरू : हॉस्टल के छात्रों, रूममेट और एकेडमी स्टाफ से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में चुन्नू कुमार ने यह कदम उठाया. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी जांच का इंतजार किया जा रहा है. स्थानीय ग्रामीण अजय शाह ने बताया कि चुन्नू कुमार गांव का होनहार युवक था और उसकी सफलता से पूरे इलाके में खुशी थी. उसकी मौत की खबर से हर कोई स्तब्ध है.
क्यों उठाया खतरनाक कदम? : यह घटना एक बार फिर छात्रों और युवाओं पर बढ़ते मानसिक दबाव को सामने लाती है. प्रतियोगिता, करियर और प्रदर्शन के दबाव में कई युवा मानसिक तनाव से गुजरते हैं. ऐसे में ट्रेनिंग संस्थानों और परिवारों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वे छात्रों को सकारात्मक माहौल दें और किसी भी तरह के मानसिक दबाव या अपमान से बचाएं. चुन्नू कुमार की मौत ने न सिर्फ उसके परिवार, बल्कि पूरे इलाके को गहरे दुख में डाल दिया है.
ये भी पढ़ें-

