आज बिहार के इन 19 जिलों में आंधी-पानी, कोसी-सीमांचल क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग ने बिहार के 19 जिलों में आंधी-पानी को लेकर अलर्ट जारी किया है. दूसरी ओर कोसी-सीमांचल में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.

Published : June 23, 2026 at 7:39 AM IST
पटना: बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज अलग-अलग देखने को मिल रहे हैं. एक ओर उमस और तपती गर्मी तो दूसरी ओर बारिश का अलर्ट देखने को मिल रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को मौसम का मिला-जुला असर रहेगा.
19 जिलों में बारिश की संभावना: मंगलवार को राज्य के 19 जिलों में बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग ने उत्तर और पूर्वी बिहार के इन जिलों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. इन इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी या मध्यम बारिश हो सकती है. पटना और गया समेत बाकी 19 जिलों के लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा.
मौसम #चेतावनी #बिहार #दिन-1 से दिन-7 तक pic.twitter.com/DRpeDFSKnq
— Mausam Bihar- IMD Patna (@imd_patna) June 22, 2026
मौसम विभाग द्वारा जारी येलो अलर्ट वाले जिले-
- मिथिलांचल और आस-पास: सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली
- सीमांचल और पूर्वी बिहार: किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा
- अंग और अन्य क्षेत्र: खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर
मौसम विभाग की चेतावनी: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इन क्षेत्रों में बारिश के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. IMD ने लोगों को वज्रपात के खतरों से आगाह करते हुए खुले में न जाने की सलाह दी है.
पटना में कैसा रहेगा मौसम?: पटना की बात करें तो मंगलवार को दिनभर आसमान में हल्के बादल दिखेंगे, लेकिन बारिश की उम्मीद नहीं है. हवा में नमी का स्तर ऊंचा होने की वजह से लोगों को सामान्य से कहीं अधिक गर्मी का अहसास होगा. राजधानी का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

बिहार में बाढ़ का खतरा: दूसरी ओर, नेपाल और पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने बिहार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. सीमावर्ती नदियों का जलस्तर तेजी से ऊपर आ रहा है. सोमवार को कोसी नदी में सुबह 10 बजे तक 97,935 क्यूसेक बढ़ते क्रम में दर्ज किया गया है. कोसी बराज के 11 फाटकों को खोल दिया गया है.
अलर्ट मोड पर प्रशासन: नदी के बढ़ते जलस्तर से आशंका है कि सोमवार को जलस्तर 1.5 लाख क्यूसेक को पार कर जायेगा. इससे तटबंध के भीतर बाढ़ आने की प्रबल संभावना है. तटबंध के भीतर बसे लोग भयभीत हो गए हैं. हालांकि की बाढ़ से निपटने के लिए जल संसाधन की टीम अलर्ट मोड पर है.
ये भी पढ़ें: बिहार मौसम: 32 जिलों में बारिश का अलर्ट, कटिहार में 40 लोग पर गिरा वज्रपात, एक की मौत

