घूमना हुआ सस्ता! बिहार पर्यटन विभाग ने शुरू की लग्जरी बसें, किराया जान हो जाएंगे हैरान
बिहार में यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी पहल की गई है. पर्यटन विभाग ने सिलीगुड़ी और थावे के लिए बस सेवा शुरू की है.

Published : November 25, 2025 at 1:21 PM IST
पटना: बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (बीएसटीडीसी) ने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. निगम ने पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत दो नए अंतरराज्यीय और एक अंतर-जिला लग्जरी बस सेवा की शुरुआत की है.
पटना से सिलीगुड़ी और थावे के लिए बस: इसके माध्यम से अब पटना से सिलीगुड़ी और पटना से थावे/गोपालगंज तक की यात्रा पहले से अधिक आसान, किफायती और आरामदायक हो गई है. नई सेवा के शुभारंभ के बाद पूर्वोत्तर भारत के हिल स्टेशनों और उत्तर बिहार के धार्मिक स्थलों तक पहुंचना आम यात्रियों और पर्यटकों के लिए और भी सुगम हो गया है.
पूर्वोत्तर यात्रा होगी आसान: पर्यटन विकास निगम द्वारा शुरू की गई पटना–सिलीगुड़ी बस सेवा के माध्यम से अब गंगटोक, दार्जिलिंग, पेलिंग, लाचुंग-लाचेन, गुरुडोंगमार झील और युमथांग वैली जैसे पर्वतीय एवं पर्यटन स्थलों तक जाना काफी सरल हो गया है. आमतौर पर इन क्षेत्रों में जाने के लिए यात्रियों को लंबी रेल यात्रा, महंगी फ्लाइट या बस बदलने की मजबूरी का सामना करना पड़ता था.
यात्रियों को बड़ी राहत: अब पटना से चलने वाली सीधे लग्जरी बस सेवा इन सभी जटिलताओं को खत्म कर रही है. नए रूट से बिहार के पर्यटकों के साथ-साथ उत्तर-पूर्व की ओर आने-जाने वाले व्यापारियों और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
पटना-सिलीगुड़ी रूट पर लग्जरी स्लीपर बस: निगम ने पटना से सिलीगुड़ी के लिए 2×2 लग्जरी स्लीपर बस सेवा शुरू की है. यह बस पटना के आर ब्लॉक से रोजाना शाम 7:30 बजे खुलेगी और हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, किशनगंज होते हुए सिलीगुड़ी पहुंचेगी.
जान लें किराया: वहीं सिलीगुड़ी से यह बस शाम 6:30 बजे वापसी यात्रा के लिए खुलेगी. इस लग्जरी बस में आरामदायक सीटों के साथ साफ-सुथरा एवं सुरक्षित यात्रा का पूरा इंतजाम किया गया है. किराया मात्र 900 रुपये प्रति यात्री रखा गया है, जो लंबी दूरी की यात्रा के लिए काफी किफायती माना जा रहा है.
पटना–थावे–गोपालगंज के श्रद्धालुओं को बड़ी राहत: दूसरा रूट पटना से थावे/गोपालगंज के लिए शुरू किया गया है. इस 2×2 सीटर लग्जरी बस का प्रस्थान समय पटना आर ब्लॉक से रोजाना शाम 3:30 बजे निर्धारित है. यह बस मसरख, मलमलिया और सिवान होते हुए थावे मंदिर और गोपालगंज पहुंचेगी. वापसी यात्रा गोपालगंज से सुबह 5:40 बजे शुरू होगी. इस बस का किराया मात्र 250 रुपये रखा गया है.
यात्रियों के लिए सुविधाओं का विस्तार: थावे के प्रसिद्ध शक्तिपीठ तक अब यात्रियों को निजी बसों के बदल-बदल कर यात्रा की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी. यह सीधी बस सेवा श्रद्धालुओं और आम यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक साबित हो रही है. सेवा की शुरुआत के साथ ही निगम ने बताया है कि बसों के सफल संचालन और बढ़ती यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए भविष्य में बसों की संख्या और बढ़ाई जाएगी.
"पहली बार बिहार सरकार की ओर से इन रूटों पर सीधे लग्जरी बसों का संचालन किया जा रहा है. इसके पहले इन रूटों पर यात्रियों को निजी बस ऑपरेटरों पर निर्भर रहना पड़ता था और कई बार बस बदलने की झंझट के कारण यात्रा थकाऊ हो जाती थी. लेकिन अब यह पूरी यात्रा एक ही बस में पूरी होगी."- नन्द किशोर, निगम के महाप्रबंधक
बुकिंग की सुविधा: यात्रा से संबंधित किसी भी जानकारी और सीट बुकिंग के लिए निगम ने हेल्पलाइन भी जारी की है. यात्री पर्यटन विभाग के टोल-फ्री नंबर 8544418314 पर कॉल कर सभी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
नई लग्जरी बस सेवा से यात्रियों के लिए न सिर्फ यात्रा आसान हुई है, बल्कि पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है. बिहार पर्यटन विभाग का यह कदम राज्य में सुविधाओं के बेहतर विस्तार और यात्रियों के अनुकूल सेवाओं की दिशा में एक बड़ा और सराहनीय प्रयास माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें
बिहार के यात्रियों का सफर हुआ सस्ता, बंपर छूट के साथ BSRTC इन राज्यों से चला रही स्पेशल बसें
पटना में आज से डबल डेकर बस सेवा की शुरुआत, जानें रूट और किराया

