तेजस्वी यादव जाएंगे राज्यसभा? संजय झा का तंज- 'बिहार में संभावना नहीं, इसलिए भाग रहे हैं'
संजय झा ने राज्यसभा चुनाव में तेजस्वी यादव की दावेदारी पर तंज कसा है. उन्होंने कहा, 'बिहार को छोड़कर निकलने के मूड में हैं क्या?

Published : March 1, 2026 at 6:01 PM IST
पटना: बिहार में 5 सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ गई है. चार सीट पर तो एनडीए की जीत तय है लेकिन पांचवीं सीट पर पेंच फंसा हुआ है. महागठबंधन की तरफ से नेता आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के नाम की भी चर्चा शुरू हो गई है. इस बीच जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि आरजेडी नेता को समझ में आ गया है कि उनके लिए बिहार में अब कोई संभावना नहीं बची है.
तेजस्वी पर संजय झा का तंज: तेजस्वी यादव के राज्यसभा जाने की हो रही चर्चा पर संजय झा ने चुटकी लेते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में क्या-क्या बोल रहे थे? अब उनको भी पता चल गया है कि बिहार में उनके लिए भविष्य में भी कोई जगह नहीं है. इसके साथ ही जेडीयू नेता ने कहा कि पांचवां सीट पर भी एनडीए की जीत होगी.
"बिहार छोड़कर जा रहे हैं क्या? अभी तो चुनाव में क्या-क्या बोल रहे थे, बिहार को छोड़कर निकलने के मूड में हैं. उनको समझ में आ गया है कि बिहार में अब जो स्थिति है, उसमें आगे भी उनके लिए कोई संभावना नहीं दिख रही है. वैसे पांचवां सीट है कहां, सभी जीत एनडीए जीत रही है."- डॉ. संजय कुमार झा, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, जेडीयू
जेडीयू से कौन जाएगा राज्यसभा?: संजय झा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर अभी हम लोग बातचीत करेंगे. मुख्यमंत्री के साथ बैठकर नाम तय करेंगे, पांचों सीट हम लोग ही जीतेंगे. उपेंद्र कुशवाहा के राज्यसभा फिर से भेजने के सवाल पर जेडीयू नेता ने कहा कि सब कुछ एनडीए की बैठक में तय होगा. वहीं, निशांत कुमार की लगातार कमान संभालने की हो रही मांग को संजय झा ने टालते कहा कि इस पर मैं क्या बोलूं?
शराबबंदी पर जेडीयू सांसद का व्यक्तिगत बयान: वहीं, शराबबंदी को समाप्त करने को लेकर सत्ता पक्ष के सदस्यों की मांग पर संजय झा ने कहा कि शराबबंदी से गांव में बड़े सामाजिक बदलाव आए हैं. महिलाओं से पूछिये तब इसका पता चलेगा क्या असर हुआ है लेकिन सेंट परसेंट तो कोई कानून इंप्लीमेंट नहीं हो पता है और मुख्यमंत्री का यह फैसला है. जेडीयू के सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने भी शराबबंदी समाप्त करने की बात कही है. इस पर संजय झा ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत बयान है.
कब है राज्यसभा चुनाव?: 16 मार्च को बिहार की 5 राज्यसीटों पर चुनाव होना है. 5 मार्च तक नामांकन होगा. विधायकों की संख्या के हिसाब से 4 सीटों पर एनडीए की जीत तय है. इनमें 2 सीट जेडीयू और 2 बीजेपी के हिस्से में आएगी. 5वीं सीट के लिए एनडीए को 3 अतिरिक्त वोट की जरूरत पड़ेगी. वहीं, 35 विधायकों वाले महागठबंधन को जीत के लिए एआईएमआईएम के 5 और बीएसपी के एक विधायक का समर्थन चाहिए.
ये भी पढ़ें:
Explainer : राज्यसभा चुनाव में RJD के लिए संख्याबल का गणित और चुनौती?
Explainer: हरिवंश और रामनाथ रिपीट होंगे या कोई और.. JDU से किस नेता को राज्यसभा भेजेंगे नीतीश?
Explainer: 4 सीटों पर NDA की जीत पक्की, 5वीं के लिए असली फाइट! 'किंगमेकर' ओवैसी किसके साथ?

