हाई लेवल पर पुलिस अधिकारियों का तबादला, एक झटके में बदल गए 9 विभागों के बॉस, देखें लिस्ट
बिहार में 9 बड़े पुलिस अधिकारियों का तबादला. कटिहार रेल से लेकर EOU तक के अफसर बदले. किसे कहां मिली पोस्टिंग, राजीव रंजन की रिपोर्ट

Published : August 18, 2026 at 5:59 PM IST
पटना: बिहार में पुलिस महकमे में तबादले का दौर लगातार जारी है. मंगलवार को गृह विभाग की ओर से पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक रैंक के 9 अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है. इन अधिकारियों को विशेष शाखा, विधि व्यवस्था, मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, विशेष निगरानी इकाई और आर्थिक अपराध इकाई में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.
नोमानी बने विशेष शाखा के नए पुलिस अधीक्षक : गृह विभाग ने 18 अगस्त 2026 को इससे संबंधित अधिसूचना जारी की है. जारी अधिसूचना के अनुसार मोहम्मद शिब्बली नोमानी को पुलिस अधीक्षक बी, विशेष शाखा, बिहार, पटना बनाया गया है. मोहम्मद शिब्बली नोमानी इससे पहले विशेष शाखा में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे. उन्हें अब इसी शाखा में पुलिस अधीक्षक स्तर की जिम्मेदारी दी गई है.
मुकुल कुमार रंजन को बड़ी जिम्मेदारी : वहीं मुकुल कुमार रंजन को पुलिस अधीक्षक, विधि व्यवस्था, बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना बनाया गया है. मुकुल कुमार रंजन इससे पहले खगड़िया सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के पद पर तैनात थे. अब उन्हें बिहार पुलिस मुख्यालय में विधि व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है.
उपेंद्र यादव मद्यनिषेध ब्यूरो के नए SP : उपेंद्र कुमार यादव को पुलिस अधीक्षक,मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार, पटना बनाया गया है. वह इससे पहले बिहार पुलिस मुख्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे. नई जिम्मेदारी के तहत उन्हें राज्य में शराबबंदी और मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े महत्वपूर्ण कामों की निगरानी करनी होगी.
चंद्रभूषण बने CID विशेष अपराध के DSP : तबादले की सूची में चंद्रभूषण को भी नई जिम्मेदारी दी गई है. उन्हें वरीय पुलिस उपाधीक्षक, विशेष अपराध, अपराध अनुसंधान विभाग, बिहार, पटना के पद पर पदस्थापित किया गया है. इससे पहले वह विशेष निगरानी इकाई में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर कार्यरत थे.
विशेष निगरानी इकाई से सीधे पुलिस मुख्यालय में तबादला : सुधीर कुमार को वरीय पुलिस उपाधीक्षक, विधि व्यवस्था शाखा, बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना बनाया गया है. इससे पहले वह विशेष निगरानी इकाई में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर तैनात थे. गृह विभाग के आदेश के अनुसार उन्हें मुख्यालय में विधि व्यवस्था से संबंधित जिम्मेदारी संभालनी होगी.
जाकिर हुसैन और राजन प्रसाद सिंह की कहां हुई पोस्टिंग? : वहीं जाकिर हुसैन को पुलिस उपाधीक्षक, विशेष निगरानी इकाई, बिहार, पटना बनाया गया है. जाकिर हुसैन इससे पहले आर्थिक अपराध इकाई में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर तैनात थे. राजन प्रसाद सिंह को भी पुलिस उपाधीक्षक, विशेष निगरानी इकाई, बिहार, पटना की जिम्मेदारी दी गई है. वह भी आर्थिक अपराध इकाई में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर तैनात थे.


अकेला निगरानी ब्यूरो तो संजीव कुमार पहुंचे EOU : इसके अलावा अरुण कुमार अकेला को पुलिस उपाधीक्षक, विशेष निगरानी इकाई, बिहार, पटना बनाया गया है. वह इससे पहले रेल, कटिहार में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर तैनात थे. वहीं संजीव कुमार को पुलिस उपाधीक्षक, आर्थिक अपराध इकाई, बिहार, पटना की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इससे पहले वह विशेष कार्य बल में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर कार्यरत थे.
गृह विभाग की अधिसूचना के मुताबिक सभी अधिकारियों को नई पदस्थापना पर तत्काल प्रभाव से योगदान देने का निर्देश दिया गया है. पुलिस महानिदेशक, बिहार से संबंधित अधिकारियों का गत्यावेश शीघ्र निर्गत करने का अनुरोध भी किया गया है. बिहार में पिछले कुछ दिनों से प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के स्तर पर लगातार तबादले किए जा रहे हैं.
कार्य व्यवस्था को और मजबूत करने की कोशिश : सोमवार को कई प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया था. इसके बाद मंगलवार को पुलिस अधिकारियों की नई सूची जारी की गई है. माना जा रहा है कि इन बदलावों के जरिए पुलिस मुख्यालय की महत्वपूर्ण शाखाओं और जांच से जुड़ी इकाइयों में कार्य व्यवस्था को और मजबूत करने की कोशिश की गई है.
ये भी पढ़ें
बिहार में 18 IPS का तबादला, कई जिलों के SP बदले गए, देखें पूरी लिस्ट
बिहार में प्रशासनिक फेरबदल: 17 IAS अधिकारियों का तबादला, 5 जिलों को मिले नए डीएम

