प्रवर्तन अवर निरीक्षक भर्ती: 24 से 27 फरवरी तक साक्षात्कार, जानें कैसे मिलेगा एडमिट कार्ड
आगामी 24 से 27 फरवरी तक बिहार में चयनित होने वाले प्रवर्तन अवर निरीक्षक का इंटरव्यू होगा. आगे पढ़ें खबर


Published : February 10, 2026 at 8:57 PM IST
पटना : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से प्रवर्तन अवर निरीक्षक पद पर नियुक्ति (Enforcement Sub Inspector Recruitment) की प्रक्रिया जारी है. इसी कड़ी में आयोग ने साक्षात्कार की तिथियों की घोषणा कर दी है. इंटरव्यू का आयोजन 24 से 27 फरवरी के बीच किया जाएगा. साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 14 फरवरी से अपना प्रवेश-पत्र ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे.
9 फरवरी को फिजिकल टेस्ट : आयोग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, चयन प्रक्रिया के तहत शारीरिक जांच परीक्षा का आयोजन 9 फरवरी को पटना स्थित बिहार वेटनरी कॉलेज खेल मैदान में किया गया. इस परीक्षा में कुल 198 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिनमें 127 पुरुष और 66 महिला अभ्यर्थियों ने भाग लिया. वहीं 5 पुरुष अभ्यर्थी शारीरिक जांच परीक्षा में अनुपस्थित रहे.
2 अभ्यर्थी नहीं कर पास : शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 4 घंटे में 25 किलोमीटर पैदल चलने का मानक निर्धारित किया गया था, जबकि महिला अभ्यर्थियों के लिए इसी समय सीमा में 14 किलोमीटर पैदल चलना अनिवार्य रखा गया था. परीक्षा परिणाम के अनुसार सभी महिला अभ्यर्थी पैदल चाल की परीक्षा में सफल रहीं, जबकि पुरुष वर्ग के 2 अभ्यर्थी निर्धारित मानक को पूरा नहीं कर सके और अयोग्य घोषित कर दिए गए.
''शारीरिक जांच परीक्षा और शारीरिक मापदंड जांच की प्रक्रिया के बाद कुल 191 अभ्यर्थी सफल पाए गए हैं. अब इन सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है. दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही योग्य अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अंतिम रूप से आमंत्रित किया जाएगा.''- बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग
सफल अभ्यर्थियों की सूची होगी जारी : विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि केवल वही अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल हो सकेंगे, जो शारीरिक जांच परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन दोनों चरणों में सफल होंगे. सफल अभ्यर्थियों की सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी. सूची जारी होने के बाद अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे.
जरूरी दस्तावेज लाना अनिवार्य : आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें ताकि साक्षात्कार से जुड़ी किसी भी नई सूचना या निर्देश से अवगत रह सकें. साथ ही साक्षात्कार के दिन सभी जरूरी दस्तावेज और प्रवेश-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा.
दरअसल, प्रवर्तन अवर निरीक्षक पद की यह भर्ती प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जा रही है. जिसमें शारीरिक दक्षता, मापदंड जांच, दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार शामिल हैं. आयोग का कहना है कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी और निर्धारित नियमों के तहत संपन्न कराई जा रही है. अब अभ्यर्थियों की नजर आगामी साक्षात्कार चरण पर टिकी है.
ये भी पढ़ें :-
बिहार पुलिस में बंपर वैकेंसी, ग्रेजुएट भी कर सकते हैं आवेदन, जान लें पूरी डिटेल

