बिहार में पकड़ी गई 'सॉल्वर गैंग' की महासाजिश! पुलिस रेडियो ऑपरेटर परीक्षा में पास कराने का ऐसे हुआ भंडाफोड़
खगड़िया पुलिस ने रेडियो ऑपरेटर परीक्षा में सॉल्वर गैंग का पर्दाफाश कर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया, कई दस्तावेज और वाहन जब्त किए.

Published : June 29, 2026 at 6:07 PM IST
खगड़िया: बिहार पुलिस की रेडियो ऑपरेटर प्रतियोगिता परीक्षा में कथित रूप से सॉल्वर गैंग के जरिए अभ्यर्थियों को अवैध लाभ पहुंचाने की साजिश का खगड़िया पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले में खगड़िया थाना में कांड संख्या 126/26 (दिनांक 28 जून 2026) दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
15 आरोपी गिरफ्तार : पुलिस के अनुसार डीआईयू शाखा को सूचना मिली थी कि एक संगठित गिरोह परीक्षा में कदाचार कराने और अभ्यर्थियों को अवैध तरीके से सफल कराने की तैयारी में है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और साइबर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 15 संदिग्धों को गिरफ्तार किया.
मोबाइल, एटीएम कार्ड और वाहन जब्त : कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 7 बैंक चेक, 9 एटीएम कार्ड, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए. इसके अलावा दो लग्जरी चारपहिया वाहन तथा एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है. पुलिस इन सभी बरामद सामानों की जांच कर रही है.
कई जिलों के गिरफ्त में आरोपी : गिरफ्तार आरोपियों में भोजपुर, खगड़िया, पटना, वैशाली, नवादा और अरवल जिलों के युवक शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के मुख्य सरगना, वित्तीय नेटवर्क और परीक्षा से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की पहचान की जा सके.
विशेष टीम ने की संयुक्त कार्रवाई : इस अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकुल रंजन, साइबर डीएसपी निशांत गौरव, खगड़िया थानाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता, चित्रगुप्तनगर थानाध्यक्ष नवीन कुमार, डीआईयू टीम तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे. पुलिस ने समन्वित कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क को पकड़ने का दावा किया है.
परीक्षा की पारदर्शिता पर फिर उठे सवाल : इस घटना के बाद एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. हाल के वर्षों में विभिन्न परीक्षाओं में सॉल्वर गैंग और कदाचार के मामलों के सामने आने के बाद प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था मजबूत की है, लेकिन इस तरह की घटनाएं चुनौती बनी हुई हैं.
मुख्य सरगना की तलाश जारी : खगड़िया के पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है. जांच के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
"कुल 15 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है. इसमें कुछ अभियुक्त भोजपुर जिले से हैं, जिसमें कुछ अभ्यर्थी भी थे, कुछ खगड़िया, वैशाली, नवादा और अरवल से हैं. जो अभ्यर्थियों से पैसा ऐंठने की फिराक में थे उनको भी गिरफ्तार किया गया है. 9 मोबाइल फोन, 7 बैंक चेक, 9 एटीएम कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड समेत कई दस्तावेज बरामद हुए हैं. दो लग्जरी कारें और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है. पुलिस सभी बरामद समानों की भी जांच कर रही है."- भानू प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक, खगड़िया
ये भी पढ़ें-
- बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा: सहरसा से खगड़िया तक एक्शन, मास्टरमाइंड की तलाश में 5 जिलों में रेड
- कान में ब्लूटूथ लगाकर दे रहा था एग्जाम, बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में 12 अभ्यर्थी गिरफ्तार
- 12वीं स्तर के विज्ञान और गणित के कठिन सवालों ने परीक्षार्थियों को उलझाया, सिपाही परिचालक परीक्षा संपन्न

