यहां देखें बिहार पुलिस चालक सिपाही भर्ती परीक्षा का परिणाम, इस दिन होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा
बिहार पुलिस ड्राइवर सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा का रिजल्ट जारी हो गया है. 15,516 अभ्यर्थी PET के लिए चयनित हुए हैं. पढ़ें

Published : December 30, 2025 at 3:21 PM IST
पटना: बिहार पुलिस एवं बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में चालक सिपाही के 4,361 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा का परिणाम जारी हो गया है. केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने लिखित परीक्षा का परिणाम जारी करते हुए शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित कर दी है. यह जानकारी पर्षद की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई है.
ड्राइवर सिपाही भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी: केन्द्रीय चयन पर्षद द्वारा जुलाई 2025 में विज्ञापन संख्या 02/2025 जारी किया गया था, जिसके तहत बिहार पुलिस और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में चालक सिपाही के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हुई. इस भर्ती के लिए ऑनलाइन माध्यम से कुल 1,64,168 समर्पित एवं वैध आवेदन प्राप्त हुए थे.
1,16,534 अभ्यर्थी परीक्षा में हुए थे शामिल: बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की भागीदारी को देखते हुए यह भर्ती राज्य की महत्वपूर्ण भर्तियों में से एक मानी जा रही है. विज्ञापन के अनुसार, लिखित परीक्षा का आयोजन 10 दिसंबर 2025 को किया गया था. इसमें कुल 1,16,534 अभ्यर्थी शामिल हुए थे.

18 अभ्यर्थियों मूल्यांकन योग्य नहीं : हालांकि, परीक्षा के दौरान कदाचार, प्राथमिकी दर्ज होने या रोल नंबर या प्रश्न-पुस्तिका के गलत अंकन जैसे कारणों से 18 अभ्यर्थियों को मूल्यांकन के योग्य नहीं पाया गया था. इसके बाद शेष अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया.
PET के लिए 15,516 अभ्यर्थी चयनित: मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयन के दूसरे चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए आरक्षण कोटिवार अभ्यर्थियों का चयन किया गया. चयनित अभ्यर्थियों की सूची 30 दिसंबर 2025 को पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की गई है. इस सूची में कुल 15,516 अभ्यर्थियों को PET के लिए योग्य पाया गया है.
ट्रांसजेंडर श्रेणी से 1 अभ्यर्थी: चयनित अभ्यर्थियों में पुरुषों की संख्या 15,054 है, जबकि महिलाओं की संख्या 461 और ट्रांसजेंडर श्रेणी से 1 अभ्यर्थी शामिल है. इसके अलावा, इस सूची में 86 गोरखा अभ्यर्थी और 101 स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित भी शामिल किए गए हैं, जो राज्य सरकार की आरक्षण नीति के तहत चयनित हुए हैं.
कब आयोजित होगी PET : केन्द्रीय चयन पर्षद ने जानकारी दी है कि इन 15,516 अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा संभावित रूप से मार्च 2026 से आयोजित की जाएगी. PET से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम, तिथि और स्थान की जानकारी अलग से पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट https://csbc.bihar.gov.in पर प्रकाशित की जाएगी.
साइबर अपराध से बचने की सलाह: पर्षद ने सभी अभ्यर्थियों को सतर्क करते हुए स्पष्ट किया है कि उनसे केवल वेबसाइट पर प्रकाशित सूचनाओं के माध्यम से ही संवाद किया जाएगा. पर्षद की ओर से किसी भी प्रकार का व्यक्तिगत फोन कॉल या संदेश नहीं भेजा जाएगा. यदि कोई व्यक्ति पर्षद का प्रतिनिधि बनकर फोन के माध्यम से संपर्क करता है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या साइबर अपराध थाना को देने की अपील की गई है.
अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे किसी भी प्रकार के झांसे में न आएं. पर्षद ने दोहराया है कि वह स्वच्छ, पारदर्शी और कदाचारमुक्त परीक्षा एवं चयन प्रक्रिया के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. अभ्यर्थियों का चयन केवल उनकी मेधा और परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर ही किया जाएगा.
ये भी पढ़ें
हाथ में ट्रांसफर लेटर... थैले में पेट्रोल की बोतल, सिपाही के कांड से बिहार पुलिस में मचा कोहराम
चुनाव खत्म होते ही काम शुरू, 10 दिसंबर को बिहार पुलिस चालक सिपाही भर्ती परीक्षा
बिहार के दारोगा परीक्षा में नकल और धोखाधड़ी, दो गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी

