चुनाव खत्म होते ही काम शुरू, 10 दिसंबर को बिहार पुलिस चालक सिपाही भर्ती परीक्षा
बिहार विधानसभा चुनाव संपन्न होते ही काम शुरू हो गया है. आगामी 10 दिसंबर को चालक सिपाही की परीक्षा होगी. पढ़ें खबर


Published : November 18, 2025 at 6:07 PM IST
पटना : बिहार पुलिस में 'चालक सिपाही' के 4,361 पदों पर बहुप्रतीक्षित लिखित परीक्षा 10 दिसंबर 2025 को आयोजित की जाएगी. केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने आधिकारिक सूचना जारी कर सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिया है. साथ ही सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई है.
315 परीक्षा केन्द्रों पर होगा एग्जाम : पर्षद के अनुसार इस बार परीक्षा का आयोजन राज्य के कुल 15 जिलों में किया जा रहा है, जिनमें 315 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं. बड़ी संख्या में आवेदकों को देखते हुए सुरक्षा, अनुशासन और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए केंद्रों पर विशेष प्रबंध किए गए हैं. जिला स्तर पर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की टीम को भी तैनात किया जाएगा, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह सुचारू रहे.

ऐसे प्राप्त करें अपना प्रवेश पत्र : अभ्यर्थियों के लिए ई-प्रवेश पत्र ऑनलाइन जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट csbc.bihar.gov.in के Bihar Police टैब के अंतर्गत डाउनलोड किया जा सकता है. प्रवेश पत्र डाउनलोड करते समय किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अभ्यर्थी वेबसाइट पर उपलब्ध हेल्प सेक्शन की सहायता ले सकते हैं.
पाठ्यक्रम को ध्यानपूर्वक पढ़कर परीक्षा की तैयारी करें : वहीं, जिन अभ्यर्थियों का ई-प्रवेश पत्र किसी कारणवश डाउनलोड नहीं हो पा रहा है, उनके लिए डुप्लीकेट प्रवेश पत्र जारी करने की व्यवस्था भी पर्षद ने किया है. डुप्लीकेट प्रवेश पत्र से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश भी वेबसाइट पर उपलब्ध हैं. अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे पाठ्यक्रम को ध्यानपूर्वक पढ़कर परीक्षा की तैयारी करें और निर्धारित समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचे.
यह परीक्षा PET के लिए योग्यता वास्ते : चालक सिपाही के इस चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा केवल प्राथमिक चरण है. परीक्षा का पाठ्यक्रम, परीक्षा पैटर्न, अंक विभाजन और महत्वपूर्ण नियम भी वेबसाइट पर विस्तार से प्रकाशित किए गए हैं. पर्षद ने स्पष्ट किया है कि लिखित परीक्षा में प्राप्त अंक मेरिट निर्धारण के लिए नहीं जोड़े जाएंगे, बल्कि केवल शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए योग्यता तय करेंगे.
''किसी भी प्रकार के अनुचित साधन का प्रयोग या परीक्षा केंद्र पर अनुशासनहीनता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी. परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर आदि पूरी तरह प्रतिबंधित हैं. अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र और एक वैध फोटो पहचान पत्र ही साथ लाने की अनुमति है.''- केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती)
गड़बड़ी ना हो इसके लिए चुस्त व्यवस्था : यह भी स्पष्ट किया गया है कि पुलिस भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और कड़ाई को लेकर इस बार भी पर्षद कोई समझौता नहीं करने वाला है. परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी व्यवस्था, जैमर और अतिरिक्त बल तैनात किए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की कोई संभावना न रहे.
अफवाहों से दूर रहें : अंत में पर्षद ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से दूर रहें, तथा केवल csbc.bihar.gov.in पर उपलब्ध आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करें. यह भी बताया गया है कि परीक्षा से जुड़ी हर अपडेट समय-समय पर वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी.
ये भी पढ़ें :-
बिहार के दारोगा परीक्षा में नकल और धोखाधड़ी, दो गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी

