ETV Bharat / state

बिहार सरकार में बंपर नौकरी, 69 हजार तक मिलेगी सैलरी, इंटर पास छात्रों के लिए सुनहरा मौका

बिहार पुलिस दूरसंचार में सिपाही के 933 पदों पर बहाली होने जा रही है. 1 मार्च से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे. पढ़ें पूरी खबर

BIHAR POLICE CONSTABLE RECRUITMENT
केंद्रीय चयन पर्षद (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 23, 2026 at 5:39 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : बिहार सरकार के गृह विभाग के अंतर्गत केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा बिहार पुलिस दूरसंचार एवं तकनीकी शाखा में सिपाही के 933 पदों पर बहाली के लिए विज्ञापन जारी किया गया है. यह नियुक्ति सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार सरकार के माध्यम से की जाएगी. विज्ञापन संख्या 02/2026 सोमवार को जारी किया गया.

कितनी मिलेगी सैलरी? : जारी अधिसूचना के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को वेतनमान ₹21,700 से ₹69,100 (लेवल-3) के तहत वेतन प्रदान किया जाएगा. यह नियुक्ति राजपत्रित स्वर्ग (गैर-राजपत्रित श्रेणी) के अंतर्गत बिहार पुलिस दूरसंचार इकाई में की जाएगी.

आधिकारिक वेबसाइट पर पूरी जानकारी : केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पूर्व परिषद की अधिकृत वेबसाइट https://csbc.bihar.gov.in पर जाकर विस्तृत विज्ञापन अवश्य पढ़ लें. परिषद ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापन में दिए गए सभी प्रावधानों, नियमों, शर्तों एवं दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करने के बाद ही अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया में आगे बढ़ें.

फॉर्म भरने के लिए एक महीने का वक्त : ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 मार्च 2026 से प्रारंभ होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है. अभ्यर्थियों को निर्धारित समयावधि के भीतर ही ऑनलाइन आवेदन पत्र भरना होगा. परिषद ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे.

क्या चाहिए शैक्षणिक योग्यता? : शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो अभ्यर्थी का इंटरमीडिएट (विज्ञान संकाय) या समकक्ष परीक्षा भौतिकी, रसायन एवं गणित विषयों के साथ न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. वहीं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं.

तकनीकी संसाधनों को सुदृढ़ करना लक्ष्य : बताया गया है कि बिहार पुलिस दूरसंचार एवं तकनीकी इकाई में यह बहाली राज्य में तकनीकी संसाधनों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. आधुनिक संचार व्यवस्था, साइबर मॉनिटरिंग तथा तकनीकी संचालन को मजबूती देने के लिए प्रशिक्षित कर्मियों की नियुक्ति की जा रही है.

अफवाहों से रहे दूर : केंद्रीय चयन पर्षद ने अभ्यर्थियों को आगाह किया है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं से बचें और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करें. आवेदन से संबंधित सभी अद्यतन सूचनाएं परिषद की वेबसाइट पर ही उपलब्ध कराई जाएंगी.

युवाओं में उत्साह : इस बहाली प्रक्रिया को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. तकनीकी पृष्ठभूमि वाले अभ्यर्थियों के लिए यह एक सुनहरा अवसर माना जा रहा है, जिससे वे बिहार पुलिस के दूरसंचार तंत्र का हिस्सा बन सकेंगे. पर्षद ने अंत में पुनः अपील की है कि सभी अभ्यर्थी अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.

ये भी पढ़ें:-

बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा में कांड! फर्जी और असली गिरफ्तार, बायोमेट्रिक सुपरवाइजर भी पहुंचा जेल

बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का आ गया डेट, इस दिन से मिलेगा एडमिट कार्ड, पढ़ें गाइडलाइन