ETV Bharat / state

12वीं स्तर के विज्ञान और गणित के कठिन सवालों ने परीक्षार्थियों को उलझाया, सिपाही परिचालक परीक्षा संपन्न

बिहार पुलिस सिपाही परिचालक के 993 पदों की लिखित परीक्षा रविवार को संपन्न हुई, परीक्षार्थियों के मुताबिक विज्ञान-गणित के 12वीं स्तर के सवाल कठिन रहे

RADIO OPERATOR EXAM BIHAR
पुलिस सिपाही परिचालक परीक्षा संपन्न (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 28, 2026 at 5:27 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: बिहार पुलिस में सिपाही परिचालक (रेडियो ऑपरेटर) के 993 पदों पर भर्ती के लिए रविवार को राज्यभर के निर्धारित केंद्रों पर लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की ओर से दो दशक से अधिक समय बाद इस पद के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है, जिसके कारण अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला. परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित की गई, जबकि अभ्यर्थियों के लिए सुबह 11 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य था.

बदला पाठ्यक्रम: सिपाही परिचालक के इस पद को आम बोलचाल में रेडियो ऑपरेटर की भर्ती के रूप में जाना जाता है. परीक्षा का पाठ्यक्रम भी सामान्य सिपाही भर्ती से अलग था, जिसमें 12वीं स्तर के भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषयों को प्रमुखता दी गई थी. परीक्षा देकर बाहर निकले अधिकांश अभ्यर्थियों का कहना था कि प्रश्न पत्र का स्तर अपेक्षा से काफी कठिन था. इसमें विज्ञान एवं गणित आधारित सवाल अधिक थे और जीएस पोर्शन से कम सवाल थे.

देखे रिपोर्ट (ETV Bharat)

चुनौतीपूर्ण सवाल: पटना के बीएन कॉलेज परीक्षा केंद्र से बाहर निकले पूर्वी चंपारण के रहने वाले परीक्षार्थी श्रीभगवान कुमार ने बताया कि प्रश्न पूरी तरह 11वीं और 12वीं कक्षा के पाठ्यक्रम पर आधारित थे. उनके अनुसार गणित और विज्ञान के सवाल अपेक्षाकृत अधिक थे, जबकि सामान्य ज्ञान और सामान्य अध्ययन से प्रश्नों की संख्या काफी कम रही. उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षाओं की तुलना में इस बार का प्रश्न पत्र कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण था.

"प्रश्न पूरी तरह 11वीं और 12वीं कक्षा के पाठ्यक्रम पर आधारित थे,हाल के दिनों में आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षाओं की तुलना में इस बार का प्रश्न पत्र कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण था." - श्रीभगवान कुमार,परीक्षार्थी

RADIO OPERATOR EXAM BIHAR
श्रीभगवान कुमार,परीक्षार्थी (ETV Bharat)

कठिन स्टैंडर्ड: भागलपुर से परीक्षा देने पहुंचे सुमित कुमार ने कहा कि गणित में इंटीग्रेशन और डिफरेंशिएशन जैसे विषयों से प्रश्न पूछे गए, जबकि भौतिकी में न्यूमेरिकल आधारित सवालों की संख्या अधिक थी. उनका मानना है कि जिन अभ्यर्थियों की 12वीं स्तर के एनसीईआरटी पाठ्यक्रम पर मजबूत पकड़ है, उन्हें परीक्षा में निश्चित रूप से लाभ मिला होगा. पिछले सिपाही भर्ती परीक्षा की तुलना में प्रश्न पत्र का स्टैंडर्ड काफी कठिन था जिसमें जीएस पोर्शन से बहुत कम सवाल थे.

"12वीं स्तर के एनसीईआरटी पाठ्यक्रम पर जिन अभ्यर्थियों की मजबूत पकड़ है, उन्हें फायदा होगा. पिछले सिपाही भर्ती परीक्षा की तुलना में प्रश्न पत्र का स्टैंडर्ड काफी कठिन था जिसमें जीएस पोर्शन से बहुत कम सवाल थे."- सुमित कुमार,परीक्षार्थी

RADIO OPERATOR EXAM BIHAR
परीक्षा केंद्र से बाहर निकले अभ्यर्थी (ETV Bharat)

सीमित करंट अफेयर्स: उत्तर प्रदेश से परीक्षा देने आए प्रज्ञानंद शुक्ला ने बताया कि वह पहले से रेडियो ऑपरेटर भर्ती की तैयारी कर रहे थे और बिहार में लंबे अंतराल के बाद वैकेंसी निकलने पर आवेदन किया. उन्होंने कहा कि परीक्षा में दसवीं या उससे नीचे के स्तर के प्रश्न लगभग नहीं थे. अधिकतर सवाल 12वीं कक्षा के विज्ञान विषयों से जुड़े हुए थे. उन्होंने यह भी बताया कि करंट अफेयर्स से सीमित प्रश्न पूछे गए, जिनका दायरा मुख्य रूप से वर्ष 2023 से 2025 के बीच की घटनाओं तक रहा.

विषयगत समझ: सीतामढ़ी की अभ्यर्थी तनु कुमारी ने कहा कि प्रश्न पत्र का स्तर गुणवत्तापूर्ण था और जिसने 12वीं तक की पढ़ाई गंभीरता से की है, उसके लिए परीक्षा अपेक्षाकृत बेहतर रही होगी. उन्होंने बताया कि यह उनकी पहली पुलिस भर्ती परीक्षा थी, लेकिन प्रश्नों की प्रकृति से स्पष्ट था कि चयन प्रक्रिया में विषयगत समझ को प्राथमिकता दी गई है. अंग्रेजी के प्रश्न ठीक-ठाक थे और सभी अंग्रेजी की दक्षता जानने वाले सवाल थे.

RADIO OPERATOR EXAM BIHAR
विश्व मोहन कुमार, परीक्षार्थी (ETV Bharat)

कम कटऑफ का अनुमान: पश्चिम चंपारण के विश्व मोहन कुमार ने अनुमान जताया कि कठिन प्रश्न पत्र के कारण इस बार कटऑफ अपेक्षाकृत कम रह सकती है. उन्होंने कहा कि भौतिकी में बड़ी संख्या में न्यूमेरिकल प्रश्न पूछे गए, जबकि गणित में कैलकुलस से जुड़े सवाल अधिक थे. उनके अनुसार 100 अंकों की परीक्षा में सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स के प्रश्नों की संख्या काफी सीमित थी. उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई सामान्य सिपाही भर्ती परीक्षा में जहां दसवीं स्तर और सामान्य अध्ययन के प्रश्न अधिक थे, वहीं सिपाही परिचालक भर्ती परीक्षा में 12वीं स्तर के विज्ञान और गणित के प्रश्न अधिक रहे. कुल मिलाकर प्रश्न पत्र पिछले परीक्षा की तुलना में काफी कठिन रहा.

इसे भी पढ़ें-

यहां देखें बिहार पुलिस चालक सिपाही भर्ती परीक्षा का परिणाम, इस दिन होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा

BIHAR POLICE SIPAHI PARIKSHA: पहली पाली की परीक्षा खत्म, ट्रेन का इंजन फेल होने से फंसे परीक्षार्थी