बिहार सरकार खिलाड़ियों के सपनों को देगी उड़ान, 20 लाख तक स्कॉलरशिप, जानें प्रक्रिया
बिहार सरकार खिलाड़ियों को सक्षम और उड़ान योजना के तहत 20 लाख तक स्कॉलरशिप देगी. जानें ऑनलाइन आवेदन की पूरी प्रक्रिया.

Published : December 23, 2025 at 3:10 PM IST
पटना: बिहार के खिलाड़ियों के लिए नया साल एक बड़ी खुशखबरी लेकर आ रहा है. राज्य सरकार ने प्रतिभावान खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए अपनी प्रमुख 'सक्षम' और 'उड़ान' स्कॉलरशिप योजनाओं के नए चरण का शुभारंभ करने का निर्णय लिया है. इन योजनाओं के तहत चयनित खिलाड़ियों को पांच लाख से लेकर 20 लाख रुपये तक की वार्षिक छात्रवृत्ति दी जाएगी. इसके लिए आवेदन प्रक्रिया एक जनवरी से शुरू होगी और खिलाड़ी 15 जनवरी तक आवेदन कर सकेंगे.
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्कॉलरशिप: बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि खेल प्राधिकरण का थीम है दिल से खेलो मिलकर जीतो. इसी थीम पर यह पहल युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है.
पिछले वर्ष 236 खिलाड़ियों को मिली थी स्कॉलरशिप: उन्होंने बताया कि पिछले साल इन्हीं योजनाओं के तहत राज्य के 236 होनहार खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई थी, जिससे उनके प्रशिक्षण और विकास में काफी मदद मिली. इस सफलता को देखते हुए इसे 2026 के लिए फिर से लॉन्च किया जा रहा है.
क्या हैं 'सक्षम' और 'उड़ान' योजनाएं?: रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि यह दोनों योजनाएं खिलाड़ियों के प्रदर्शन के स्तर के आधार पर अलग-अलग आर्थिक सहायता प्रदान करती हैं. इन योजनाओं के तहत स्कॉलरशिप लेने के लिए वही खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं जो अंगीकारित खेल से जुड़े हुए हैं. यानी वह खेल जो एशियन गेम्स कॉमनवेल्थ और ओलंपिक गेम्स में शामिल है. 15 जनवरी के बाद खिलाड़ियों के प्राप्त आवेदन की वह लोग स्क्रुटनी करेंगे और फिर स्कॉलरशिप राशि दी जाएगी.
क्या है सक्षम योजना: इस योजना का लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखा चुके खिलाड़ियों को सहायता देना है. इसमें वह खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं या अखिल भारतीय विश्वविद्यालय खेलों में पदक जीता हो. इसके अलावा, व्यक्तिगत स्पर्धाओं में शीर्ष आठ में या टीम स्पर्धाओं में शीर्ष चार में जगह बनाने वाले खिलाड़ी भी इसके पात्र हैं. चयनित प्रत्येक खिलाड़ी को राज्य सरकार की ओर से प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप मिलेगी.
क्या है उड़ान योजना: यह योजना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के लिए है. ओलंपिक, एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भाग लेने या पदक जीतने वाले खिलाड़ी 'उड़ान' योजना के लिए पात्र होंगे. इस श्रेणी के चयनित खिलाड़ियों को प्रतिवर्ष 20 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप राशि प्रदान की जाएगी. ध्यान रखने वाली बात यह है कि केवल उन्हीं खेलों के खिलाड़ी इन योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे, जो ओलंपिक, एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों की सूची में शामिल हैं.
कैसे करें आवेदन?: रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि इच्छुक और पात्र खिलाड़ियों के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन रहेगी. एक जनवरी से बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के वेबसाइट पर एक विशेष पोर्टल खोला जाएगा, जहां खिलाड़ियों को अपना नाम और पिछले प्रदर्शन का रिकॉर्ड (जैसे प्रतियोगिता का स्तर, स्थान या पदक का विवरण) दर्ज करना होगा.
"सभी आवेदनों की एक विशेषज्ञ समिति द्वारा स्क्रूटनी की जाएगी. इस जांच के बाद ही नए खिलाड़ियों का नाम छात्रवृत्ति सूची में जोड़ा जाएगा. इसलिए, खिलाड़ियों से अनुरोध है कि वे सही और प्रमाणिक जानकारी ही पोर्टल पर भरें."-रवीन्द्रण शंकरण, महानिदेशक, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण
खिलाड़ी होते हैं प्रोत्साहित: बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि इस तरह की योजनाओं से न केवल खिलाड़ियों को आर्थिक बल मिलता है, बल्कि उनका मनोबल भी बढ़ता है. यह युवा पीढ़ी को खेलों को एक गंभीर करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करता है. बिहार से पहले भी कई प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना परचम लहरा चुके हैं. सरकार की यह पहल ऐसी ही और प्रतिभाओं को तराशने, प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए जरूरी संसाधन मुहैया कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
ये भी पढ़ें-
बिहार के खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, भागलपुर में खुलेगा पुलेला गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी

