'खरमास के बाद कई कांग्रेसी विधायक NDA में होंगे शामिल', नीतीश के मंत्री का बड़ा दावा
संजय सिंह ने कहा कि खरमास के बाद कांग्रेस में बड़ा 'खेला' होने वाला है. कई कांग्रेसी विधायक एनडीए टीम का हिस्सा होंगे.

Published : January 7, 2026 at 4:54 PM IST
पटना : लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग यानी पीएचईडी के मंत्री संजय सिंह ने बड़ा बयान दिया है. ईटीवी भारत से बात करते हुए मंत्री संजय सिंह ने कहा कि खरमास के बाद कांग्रेस में बड़ा उथल-पुथल होने वाला है. और कई कांग्रेसी विधायक एनडीए का हिस्सा बनेंगे. उन्होंने इशारा किया कि कांग्रेस के कई विधायक उनकी पार्टी के संपर्क में हैं.
''बिहार में कांग्रेस के लोग और उनके विधायक संपर्क में हैं. मधुबनी में जो हुआ और चुनाव के बाद कांग्रेस की हर बैठक में जो कुछ हो रहा है, वह भी स्पष्ट कर रहा है. खरमास के बाद कांग्रेस के कई विधायक एनडीए का हिस्सा होंगे यह तय है. कांग्रेस की कार्यशैली से विधायक और कार्यकर्ता नाराज हैं.''- संजय सिंह, मंत्री, पीएचईडी विभाग
'बंगाल में एनडीए की बनेगी सरकार' : वहीं बंगाल में चुनाव लड़ने के सवाल पर संजय सिंह ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जो भी आदेश होगा वह उस अनुरूप काम करेंगे. वह पार्टी के सिपाही हैं और राष्ट्रीय अध्यक्ष का जो भी निर्देश होगा, जिस राज्य के लिए निर्देश होगा वहां जाकर वह काम करेंगे. एनडीए के लिए काम करेंगे. हमें उम्मीद है कि बंगाल में इस बार एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी.
दरअसल, पटना के बापू टावर सभागार में 104 नव नियुक्त सहायक अभियंताओं के उन्मुखीकरण कार्यक्रम में संजय सिंह ने हिस्सा लिया. लोगों की समस्याओं का हर संभव समाधान करने का आह्वान किया. कार्यक्रम के बाद मंत्री संजय सिंह ने कहा कि आज के वर्कशॉप में विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी अपनी बातों को रखा है.
''नव नियुक्त सहायक अभियंताओं को आने वाले समय में कैसे काम करना है यह जानकारी दी गई. बताया गया कि लोगों का काम सम्मान पूर्वक पूरा करें. मैंने उन्हें कहा है कि जितना अच्छा आप काम करेंगे आने वाले समय में इतना अच्छा आपको फल मिलेगा.''- संजय सिंह, मंत्री, पीएचईडी विभाग
'अच्छे काम करने वाले कर्मी होंगे प्रोत्साहित' : संजय सिंह ने कहा कि विभाग में अच्छा काम करने वाले कर्मियों को वह समय-समय पर पुरस्कृत कर प्रोत्साहित भी करेंगे. उन्होंने सभी नवनियुक्त सहायक अभियंताओं को समझाया है कि आपका लंबा करियर होने वाला है. जितना अच्छा काम करेंगे उतना बेहतर आपका भविष्य होगा.
'बिजली बिल भुगतान में तेजी आई' : मंत्री संजय सिंह ने कहा कि बीते दिनों उन्होंने विभाग में निर्देश दिया था कि जिनके कार्यालय का बिजली बिल बकाया होगा, ऐसे ठेकेदार को आगे कोई कांट्रेक्ट नहीं दिया जाएगा. जिस क्षेत्र से बकाया बिजली बिल का भुगतान नहीं होगा वहां के अधिकारियों और कर्मचारियों पर एक्शन होगा. इसका काफी सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है.
''पहले जहां विभाग में 25 लाख रुपए का बिजली बिल प्रतिदिन भुगतान होता था, वहीं आज के समय यह प्रतिदिन चार करोड़ रुपए राशि तक पहुंच गई है. सभी अधिकारी संजीदगी से इसपर काम कर रहे हैं. बकाया बिजली बिल का भुगतान तेजी से हो रहा है. ठेकेदार समझ गए हैं कि सरकार के राजस्व का भुगतान समय पर नहीं करते हैं तो कोई नया कांट्रेक्ट नहीं मिलेगा.''- संजय सिंह, मंत्री, पीएचईडी विभाग
ये भी पढ़ें :-
बिहार के मंत्री ने ऐसा फरमान दिया कि ठेकेदारों से लेकर अधिकारी तक के हाथ-पांव फूल रहे

