बिहार में होली-रमजान पर हाई अलर्ट, 30 हजार पुलिस बल तैनात.. DGP बोले 'उपद्रवियों पर कड़ी नजर'
होली और रमजान एक साथ पड़ने पर बिहार में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. डीजीपी विनय कुमार ने हुड़दंग करने वालों को चेतावनी दी.

Published : March 3, 2026 at 3:16 PM IST
पटना: इस साल होली और रमजान एक साथ पड़ने से बिहार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं. बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने बताया कि राज्य में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए लगभग 30 हजार अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. होली 3 और 4 मार्च को मनाई जा रही है, जबकि रमजान फरवरी के मध्य से शुरू हो चुका है. इन त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है.
व्यापक सुरक्षा बल तैनात: पटना सहित सभी जिलों में करीब 30 हजार पुलिसकर्मियों, बीएसएपी, रेंज रिजर्व, सीएपीएफ, ट्रेनी कांस्टेबल और होमगार्ड्स की तैनाती की गई है. संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त बल प्रतिनियुक्त किए गए हैं. डीजीपी ने कहा कि यह तैनाती कानून-व्यवस्था बनाए रखने और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए की गई है.
संवेदनशील क्षेत्रों पर फोकस: डीजीपी विनय कुमार ने निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च और संयुक्त गश्ती अभियान चलाए जा रहे हैं. जिला स्तर पर पुलिस पदाधिकारियों को लगातार गश्त करने और स्थिति पर पैनी नजर रखने का आदेश दिया गया है. क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई हो सके.
अफवाहों और सोशल मीडिया पर निगरानी: पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. भ्रामक, आपत्तिजनक या माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट्स पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी. सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों या अफवाह फैलाने की कोशिश पर सख्ती बरती जाए. पहले ही हजारों असामाजिक तत्वों से बॉन्ड भरवाए गए हैं.
होली खुशियों का त्योहार है, हुड़दंग का नहीं।
— Bihar Police (@bihar_police) March 3, 2026
मर्यादा और सुरक्षा का सम्मान करें — ज़रूरत पड़ने पर तुरंत 112 डायल करें।
.
.#BiharPolice #HainTaiyaarHum #dail112 #SafeHoli @BiharHomeDept pic.twitter.com/PjQsqsgwwJ
डीजीपी की अपील, भाईचारा बनाए रखें: डीजीपी विनय कुमार ने आमजनों से अपील की है कि होली रंगों और खुशियों का पर्व है, जबकि रमजान इबादत और संयम का महीना है. दोनों त्योहार आपसी सम्मान, सहिष्णुता और सद्भाव का संदेश देते हैं. उन्होंने कहा कि सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का आदर करें और शांति पूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं.
"पर्व के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. राज्य में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में होली और रमजान संपन्न कराने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए गए हैं."-विनय कुमार, डीजीपी बिहार
शांति समितियों की बैठकें: पुलिस स्टेशन और जिला स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं ताकि संभावित विवादों को पहले ही सुलझाया जा सके. मुख्य सचिव और डीजीपी की संयुक्त समीक्षा बैठक में सभी जिलों के डीएम और एसपी को विस्तृत निर्देश दिए गए हैं.
कानून तोड़ने वालों पर सख्ती: बिहार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी. प्रशासन का भरोसा है कि उठाए गए सभी कदमों से राज्य में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में होली और रमजान संपन्न होंगे.
ये भी पढ़ें-
होली पर प्रशासन अलर्ट, 607 स्थानों पर 659 दंडाधिकारी... इन नंबरों पर दें संदिग्ध गतिविधि की जानकारी
2 या 3 मार्च.. होलिका दहन कब है?, पंडितों से जानिए तिथि और शुभ मुहूर्त
यहां खेली गई थी पहली होली! हिरण्यकश्यप के इसी किले में जली थी उसकी बहन होलिका

