3 दिन से लापता युवक का 'कंकाल' बरामद, तेजाब से शव गलाने की आशंका, सड़क पर फूटा गुस्सा
बिहार के नालंदा में तीन दिन से लापता युवक का शव बरामद होने के बाद लोगों में गुस्सा फूट पड़ा. पढ़ें रिपोर्ट- महमूद आलम

Published : August 17, 2026 at 1:09 PM IST
नालंदा : बिहार के नालंदा में 3 दिनों से लापता युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. दरअसल, रविवार की शाम बापू हाईस्कूल के पीछे मुहाने नदी किनारे वाली झाड़ी से खेतों के पास एक कंकाल बरामद हुआ. कंकाल पूरी तरह से सड़ चुका था. युवक की मौत से गुस्साए परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया.
परिजनों ने की शव की पहचान : परिजनों ने युवक की बेरहमी से हत्या का आरोप लगाया है. युवक की दोनों आंखें, एक हाथ और सिर कुचला हुआ है. ऐसा लगता है कि युवक की हत्या कर तेजाब से गला दिया, फिर घर से कुछ दूर खेत से शव मिला है.
मौत से पहले दोस्त के साथ निकला था युवक : घटना के संबंध में मृतक के भाई राज किशोर चौधरी ने बताया कि युवक की पहचान चंडीडीह निवासी रोहित कुमार के तौर पर किया गया है. 13 अगस्त की दोपहर 2 बजे घर से निकला था. परिजनों के अनुसार वह लोहा-टीना चुनकर बेचने का काम करता था.

''कल्लू पासवान नामक युवक के साथ मेरा भाईगया था. पैसे लेने के बाद वह घर नहीं लौटा. मेरी मां ने थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी. मुझे आशंका है कि मेरे भाई की हत्या की गई है.''- राज किशोर चौधरी, मृतक के भाई
'मेरे भाई की हत्या की गई है' : शव बरामद होने पर भाई ने हत्या की आशंका जताई है. हत्या का शक मृतक के दोस्त कल्लू पासवान और नीलेश कुमार पर जताया है. वह 5-6 महीने से सूखा नशे का आदी हो गया था. साथ ही पुलिस पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है.
पुलिस ने नशे के ओवरडोज से मौत की जताई आशंका : वहीं, घटना के संबंध में चंडी थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा ने बताया कि शव घर से 200 मीटर दूर खेत से मिला. प्रथम दृष्टया नशे के ओवरडोज से मौत लग रही है. हाथ की हथेली जंगली जानवर ने नोची हो सकती है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा.
"रोहित का शव घर से 200 मीटर की दूरी पर बरामद हुआ. प्रथम दृष्ट्या नशे के ओवरडोज से मौत लग रही है. हाथ की हथेली जंगली जानवरों द्वारा नोची गई हो सकती है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने पर मौत का कराण पता चल सकेगा."- अखिलेश कुमार झा, थानाध्यक्ष, चंडी
पुलिस ने समझा-बुझाकर हटवाया जाम : फिलहाल पुलिस नाराज परिजनों को समझा बुझाकर सड़क जाम हटाकर पीड़ित परिवार द्वारा आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है. अब देखना है कि युवक की हत्या हुई है या वह किसी साजिश का शिकार हुआ है या फिर सूखे नशे के ओवरडोज से उसकी मौत हुई है. जांच रिपोर्ट के बाद सबकुछ साफ हो जाएगा.
ये भी पढ़ें-

