बिहार में छेड़छाड़ से परेशान 10वीं की छात्रा ने दी जान, पिता बोले- 'शादी के लिए दबाव बना रहा था'
दरभंगा में छेड़खानी से परेशान होकर नाबालिग छात्रा ने जान दे दी. छात्रा ने पहले भी थाने में छेड़खानी के खिलाफ आवेदन दिया था-

Published : January 8, 2026 at 1:18 PM IST
दरभंगा : बिहार के दरभंगा में एक नाबालिग छात्रा ने छेड़छाड़ से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाया. मामला बिशनपुर थाना क्षेत्र का है जहां 10वीं की छात्रा ने मौत को गले लगा लिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है.
छात्रा ने की खुदकुशी : मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि गांव का एक युवक उनकी बेटी को लंबे समय से परेशान कर रहा था. उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था. पिता के अनुसार, युवक बार-बार फोन कर छात्रा को परेशान करता था. इस संबंध में छात्रा ने पहले भी थाने में आवेदन दिया था, लेकिन कोई कारवाई नहीं हुई.
"हमारी बेटी को अक्सर गांव का ही लड़का परेशान करता था. वैसे वो रिश्ते में भाई लगता था लेकिन वह उसपर शादी करने का दबाव बनाता था. मेरी बेटी ने उसके खिलाफ पहले ही थाने में लिखित सूचना दिया था. कोई सुनवाई नहीं हुई. छेड़खानी से तंग आकर मेरी बेटी ने फांसी लगाकर जान दे दी."- मृत लड़की के पिता
'घर पर आरोपियों ने किया था हंगामा' : वहीं पिता ने बताया कि बुधवार सुबह जब वे सब्जी बेचने घर से बाहर गए थे, तब आरोपी युवक और उसके कुछ परिजन उनके घर पहुंचे और हंगामा किया. इस घटना से आहत होकर उनकी बेटी ने जान दे दी. उन्होंने यह भी बताया कि अंजलि 10वीं कक्षा की छात्रा थी और अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी.
पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम : बिशनपुर थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही शव को हम लोगों ने पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है. फिलहाल अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. पुलिस जल्द ही मृतका के घर जाकर बयान दर्ज करेगी और लिखित आवेदन मिलने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
"पुलिस को सूचना मिलते ही हम लोग मौके पर पहुंचे और लटकते शव को फंदे से उतारा और उसे कब्जे में लेकर डीएमसीएच पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. मृतक लड़की के घर जाकर परिजनों का बयान दर्ज करेगी और लिखित आवेदन के आधार कार्रवाई शुरू करेगी." - अरविंद कुमार, थानाध्यक्ष, बिशनपुर
ये भी पढ़ें-

