आ गई तारीख, इस दिन से होगी बिहार बोर्ड की विशेष और कम्पार्टमेंटल परीक्षा
2 मई से बिहार बोर्ड की विशेष और कम्पार्टमेंटल परीक्षा होगी. बीएसईबी ने इसको लेकर कड़ा निर्देश जारी किया है. पढ़ें पूरी खबर..

Published : April 30, 2026 at 5:23 PM IST
पटना: बिहार में इंटरमीडिएट व मैट्रिक विशेष और कम्पार्टमेंटल परीक्षा 2026 का आयोजन 2 मई से दो पालियों में प्रारंभ होगा. परीक्षा के सफल और निष्पक्ष संचालन को लेकर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सभी जिलों के जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी और परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षकों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं. समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने स्पष्ट किया है कि इस बार परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं.
2 मई से मैट्रिक इंटर कम्पार्टमेंटल परीक्षा: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा. परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार परीक्षा प्रारंभ होने के आधे घंटे पूर्व बंद कर दिया जाएगा. निर्धारित समय के बाद जबरन प्रवेश करने या दीवार फांदकर केंद्र में घुसने की कोशिश करने वाले परीक्षार्थियों पर कड़ी कार्रवाई होगी. ऐसे मामलों में संबंधित परीक्षार्थी को दो वर्षों के लिए परीक्षा से निष्कासित किया जाएगा और उनके विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी.
परीक्षार्थियों, उनके अभिभावक, परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षक, शिक्षण संस्थान के प्रधान, सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मा०शि०), जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला पदाधिकारी के लिए आवश्यक सूचना।#Bihar#BSEB#BiharBoard pic.twitter.com/vBjVNIzd9H
— Bihar School Examination Board (@officialbseb) April 30, 2026
बोर्ड की सख्ती: परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार की मैगनेटिक घड़ी पहनने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है. इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर दो स्तर पर सघन जांच (फ्रिस्किंग) की व्यवस्था की गई है. पहली जांच प्रवेश द्वार पर और दूसरी जांच परीक्षा कक्ष में वीक्षक द्वारा की जाएगी. प्रत्येक 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक की नियुक्ति की गई है, जो प्रतिदिन जांच कर यह प्रमाणित करेंगे कि परीक्षार्थियों के पास कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं है.
सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और वीडियोग्राफी की व्यवस्था अनिवार्य की गई है. परीक्षा कक्ष में केन्द्राधीक्षक को छोड़कर किसी भी पदाधिकारी, कर्मचारी, वीक्षक या परीक्षार्थी को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी. साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू रहेगी, जिससे किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा.
कब होगी पहली पाली की परीक्षा?: इंटरमीडिएट विशेष और कम्पार्टमेंटल परीक्षा में इस वर्ष कुल 70,293 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 6,500 विशेष और 63,793 कम्पार्टमेंटल परीक्षार्थी हैं. इनके लिए राज्यभर में 120 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा के पहले दिन 2 मई को प्रथम पाली में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक सभी संकायों के लिए हिन्दी विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी.
दूसरी पाली की टाइमिंग: वहीं, द्वितीय पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक विज्ञान संकाय के लिए जीव विज्ञान, कला संकाय के लिए इतिहास तथा वोकेशनल के लिए अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी. पटना जिले में इंटरमीडिएट की इन परीक्षाओं के लिए 3,769 परीक्षार्थियों हेतु कुल 8 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं.
1. इन्टरमीडिएट विशेष (सैद्धान्तिक) परीक्षा, 2026 एवं इन्टरमीडिएट कम्पार्टमेंटल (सैद्धान्तिक) परीक्षा, 2026 तथा
— Bihar School Examination Board (@officialbseb) April 30, 2026
2. माध्यमिक विशेष (सैद्धान्तिक) परीक्षा, 2026 एवं माध्यमिक कम्पार्टमेंटल (सैद्धान्तिक) परीक्षा, 2026 के संचालन के क्रम में परीक्षा केन्द्रों पर निर्धारित समय के बाद
15 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा: परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने और समझने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. सभी विषयों में ओएमआर उत्तर पत्रक एवं उत्तरपुस्तिका पर परीक्षार्थी का फोटो सहित विवरण पहले से मुद्रित रहेगा. इंटरमीडिएट विशेष परीक्षा के प्रैक्टिकल 13 और 14 मई को आयोजित होंगे, जबकि लिखित परीक्षा 11 मई को समाप्त होगी.
68,615 परीक्षार्थी होंगे शामिल: वहीं, मैट्रिक विशेष एवं कम्पार्टमेंटल परीक्षा में कुल 68,615 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 6,034 विशेष और 62,581 कम्पार्टमेंटल परीक्षार्थी हैं. इनके लिए राज्यभर में 159 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. पहले दिन प्रथम पाली में मातृभाषा (हिन्दी, उर्दू, बांग्ला, मैथिली) और द्वितीय पाली में द्वितीय भारतीय भाषा (संस्कृत, हिन्दी, अरबी, फारसी, भोजपुरी) की परीक्षा आयोजित की जाएगी. पटना जिले में 3,726 परीक्षार्थियों के लिए 7 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं. यह परीक्षा 6 मई को समाप्त होगी.
दिव्यांगों के लिए विशेष बंदोबस्त: दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई है. उन्हें लेखक (राइटर) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और प्रत्येक घंटे के लिए 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए समिति ने एक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) भी स्थापित किया है, जो 15 मई तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक कार्यरत रहेगा.
इस नंबर पर करें संपर्क: किसी भी प्रकार की समस्या होने पर परीक्षार्थी या अभिभावक समिति के हेल्पलाइन नंबर 0612-2232227 और 0612-2232257 पर संपर्क कर सकते हैं. समिति ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम सुनिश्चित किए जाएं.
ये भी पढ़ें: बिहार इंटरमीडिएट रिजल्ट: 26 टॉपर्स में 19 छात्राएं, देखें पूरी लिस्ट, किस जिले ने मारी बाजी

