ETV Bharat / state

बिहार में 3936 करोड़ से बनेगी खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन, मोदी सरकार से मिली मंजूरी तो सम्राट चौधरी ने जताया आभार

3936 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी 143.5 किमी लंबी फोरलेन सड़क, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया प्रधानमंत्री का आभार-

फोरलेन प्रतीकात्म तस्वीर
फोरलेन प्रतीकात्म तस्वीर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 3, 2026 at 8:23 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: बिहार के सड़क नेटवर्क और क्षेत्रीय विकास को नई गति देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग 31 और राष्ट्रीय राजमार्ग 231 के खगड़िया पूर्णिया खंड को चार लेन में उन्नत करने की महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दे दी गई है. 143.529 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर 3,936.05 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसका निर्माण बिल्ड ऑपरेट ट्रांसफर (बीओटी) मॉडल पर किया जाएगा.

परियोजना पर सीएम सम्राट चौधरी ने जताया आभार : इस फैसले के बाद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए इसे राज्य के विकास को नई रफ्तार देने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया. उन्होंने कहा कि इस परियोजना से सीमांचल और कोसी क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी तथा क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क संपर्क का लाभ मिलेगा.

सीएम सम्राट चौधरी
सीएम सम्राट चौधरी (ETV Bharat)

''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार बिहार के विकास को प्राथमिकता दे रही है. राज्य में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि अनेक विकास योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है. खगड़िया पूर्णिया फोरलेन परियोजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.''- सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार

सीमांचल और कोसी को मिलेगा सीधा फायदा : मुख्यमंत्री के अनुसार इस सड़क परियोजना के पूरा होने से सीमांचल और कोसी क्षेत्र की कनेक्टिविटी काफी मजबूत होगी. वर्तमान में इस मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. फोरलेन सड़क बनने के बाद आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम और तेज हो जाएगा. इससे यात्रा समय में कमी आएगी और लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी.

व्यापार, कृषि और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा : सरकार का मानना है कि सड़क अवसंरचना में सुधार से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा मिलेगी. परियोजना के पूरा होने के बाद मालवाहक वाहनों और यात्रियों की आवाजाही तेज होगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. कृषि उत्पादों के परिवहन में आसानी होगी और उद्योगों को भी बेहतर लॉजिस्टिक सुविधा उपलब्ध होगी. इसके साथ ही पर्यटन क्षेत्र को भी लाभ मिलने की संभावना है. बेहतर सड़क संपर्क से राज्य के विभिन्न हिस्सों और पड़ोसी राज्यों से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ सकती है.

रोजगार के नए अवसर होंगे सृजित : परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान बड़ी संख्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे. वहीं सड़क निर्माण पूरा होने के बाद भी परिवहन, व्यापार और सेवा क्षेत्र में रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सीमांचल और कोसी क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास का नया आधार बनेगी. इससे क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा और बिहार के समग्र विकास को भी मजबूती मिलेगी.

ये भी पढ़ें-'शुरुआत नीतीश ने की.. अंजाम तक सम्राट ने पहुंचाया..' नितिन नबीन ने मंच से कही बड़ी बात