ETV Bharat / state

बिहार में 2 लाख 2000 लोगों के खाते में नीतीश कुमार ने भेजा 113 करोड़, आप भी चेक करें अपना अकाउंट

बिहार सरकार लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है. पहले महिलाओं के खातों में रुपये भेजे. अब किसानों को लाभ दिया गया. पढ़ें खबर

Nitish Kumar
राशि ट्रांसफर करते सीएम नीतीश कुमार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 21, 2026 at 1:44 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास के संकल्प सभागार से कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत 2 लाख 2000 किसानों के खाते में 113 करोड़ की राशि भेजी है. 2025 में हुई अतिवृष्टि से बाढ़ और मोंथा तूफान के कारण हुई फसल क्षति के लिए यह राशि किसानों को दी गई है. किसानों के खाते में डीबीडी के माध्यम से मुख्यमंत्री ने राशि भेजी है.

भेजी गई 113 करोड़ की राशि : कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत बाढ़ प्रभावित किसानों को अनुदान राशि भेजने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी बाढ़ पीड़ित किसानों को सहायता उपलब्ध कराएगी. हम लोग किसानों की तरक्की के लिए लगातार काम कर रहे हैं. नीतीश कुमार ने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर पोस्ट भी किया.

''किसानों के हित और उनके कल्याण के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है. प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों की सहायता के लिए सरकार हमेशा काम करती रही है. हमारा मानना है कि राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा से प्रभावित लोगों का है.''- नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, बिहार

2025 में तूफान से 13 जिलों के किसान हुए थे प्रभावित : दरअसल, साल 2025 में भारी बारिश और तूफान के कारण बाढ़ से प्रदेश के 13 जिलों बेगूसराय, भोजपुर, दरभंगा, गया, कैमूर, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी और सुपौल में फसल की काफी क्षति हुई थी.

पहले ऑनलाइन आवेदन, फिर सत्यापन : 53 प्रखंडों और 493 पंचायतों के किसान इस आपदा से प्रभावित हुए थे. कृषि विभाग की ओर से सभी प्रभावित जिलों के किसानों से ऑनलाइन आवेदन मांगा गया था. फिर उसका सत्यापन भी किया गया. उसी के बाद आज 2 लाख 2000 किसानों को 113 करोड़ 16 लाख रुपए सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित किया गया है.

कौन-कौन रहे मौजूद? : इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल सहित मुख्यमंत्री सचिवालय और कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद थे.

ये भी पढ़ें :-

CM नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान, बिहार में सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों को मिलेगी ये खास सुविधा

सोनपुर में बनेगा ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नीतीश कैबिनेट में 35 एजेंडों पर लगी मुहर