राबड़ी देवी को सरकार ने दिया 7 दिनों का अल्टीमेटम, 10 सर्कुलर रोड खाली करने का भेजा नोटिस
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को एक हफ्ते के भीतर बंगला खाली करने का एक और नोटिस दिया गया है. पढ़ें पूरी खबर

Published : June 25, 2026 at 8:53 AM IST
पटना: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद में विरोधी दल की नेता राबड़ी देवी को पटना स्थित 10, सर्कुलर रोड सरकारी आवास खाली करने के लिए भवन निर्माण विभाग ने अंतिम नोटिस जारी किया है. विभाग ने नोटिस मिलने के सात दिनों के भीतर आवास खाली करने का निर्देश दिया है. तय समयसीमा में आवास खाली नहीं होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
राबड़ी देवी को आवास खाली करने का नोटिस: भवन निर्माण विभाग की ओर से 22 जून को जारी नोटिस में कहा गया है कि विभागीय कार्यालय 25 नवंबर 2025 को नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधान परिषद के आवासन के लिए पटना केंद्रीय पूल का आवास संख्या-39, हार्डिंग रोड, पटना राबड़ी देवी को आवंटित किया गया था. इसके बावजूद वह पूर्व से आवंटित आवास संख्या-10, सर्कुलर रोड में अब तक रह रही हैं.
10, सर्कुलर रोड मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित: विभाग ने नोटिस में यह बताया गया है कि 10, सर्कुलर रोड स्थित आवास को 27 मई 2026 के कार्यालय आदेश के जरिए मंत्री नंदकिशोर राम, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग को आवंटित किया जा चुका है, लेकिन राबड़ी देवी द्वारा आवास खाली नहीं किए जाने के कारण मंत्री अब तक उसमें प्रवेश नहीं कर सके हैं.
4 बार भेजा जा चुका है नोटिस: नोटिस के अनुसार, राबड़ी देवी को इस आवास को खाली करने के लिए इससे पहले 15 दिसंबर 2025 को विभागीय पत्र के माध्यम से अनुरोध किया गया था. इसके बाद 17 अप्रैल 2026 और 29 मई 2026 को उनके आप्त सचिव को भी इस संबंध में अवगत कराया गया.
राबड़ी देवी के पास एक हफ्ते का समय: 3 जून 2026 को सात दिनों के भीतर आवास खाली करने का एक नोटिस भी निर्गत किया गया था. इसके बावजूद आवास खाली नहीं किया गया. भवन निर्माण विभाग ने अब बिहार सरकारी परिसर (आवंटन, किराया, वसूली एवं बेदखली) (संशोधन) अधिनियम, 2024 की धारा 4(ख) के तहत प्रदत्त शक्तियों का हवाला देते हुए राबड़ी देवी को अंतिम अवसर दिया है.
आवास खाली नहीं किया गया तो नियमानुसार कार्रवाई: भवन निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि नोटिस मिलने के सात दिनों के भीतर यदि आवास खाली नहीं किया गया, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
39 हार्डिंग रोड, राबड़ी देवी को है आवंटित: बिहार विधानसभा में नेता विपक्ष राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड बंगला आवंटित किया गया है. वहीं 10, सर्कुलर रोड बंगला भवन निर्माण विभाग ने मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया है.
'एक महीने में बंगला खाली कर दूंगी...': इससे पहले 16 जून को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भवन निर्माण विभाग को चिट्ठी लिखकर 10, सर्कुलर रोड खाली करने के लिए एक महीने का समय मांगा था. उन्होंने चिट्ठी में कहा था कि लालू यादव का स्वास्थ्य ठीक नहीं है, उनके लिए एक अलग कमरा और जरूरी सुविधाएं चाहिए. उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के बाद वो बंगला खाली कर दूंगी.
ये भी पढ़ें: राबड़ी आवास के बाहर 'महिला ब्रिगेड' की तैनाती, सवाल- 10 सर्कुलर रोड में आगे क्या होगा?
ये भी पढ़ें: 'राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड खाली करना पड़ेगा', कानून विशेषज्ञ ने कहा- कोर्ट से राहत की उम्मीद नहीं
ये भी पढ़ें: Explainer: राबड़ी देवी से 10 सर्कुलर रोड आवास क्यों खाली करवाना चाहती है सम्राट सरकार?
ये भी पढ़ें: '10 सर्कुलर रोड खाली नहीं करेंगे', बोली राबड़ी देवी- फोर्स बुलाकर खाली कराएं
ये भी पढ़ें: 'हर हाल में खाली करना ही होगा.. कोई माई का लाल नहीं..' सम्राट चौधरी का बड़ा हमला
ये भी पढ़ें: 'मैं दलित हूं.. इसलिए मेरे..', बंगला खाली नहीं करने पर मंत्री ने पूर्व CM राबड़ी देवी को बताया दलित विरोधी

