ETV Bharat / state

NEET पेपर लीक मामले में एक और गिरफ्तारी, EOU के रडार पर मेडिकल छात्र उज्ज्वल राज

नीट पेपर लीक मामले में मोतिहारी से दूसरी गिरफ्तारी हुई है. आरोपी एमबीबीएस अंतिम वर्ष का छात्र है. रिपोर्ट- रोहित राज

BIHAR EOU
नीट पेपर लीक मामले में EOU का एक्शन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 16, 2026 at 8:47 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

मोतिहारी: नीट-यूजी और री-एग्जाम से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस मामले में नए नाम सामने आ रहे हैं. मोतिहारी के संतोष जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद अब आर्थिक अपराध इकाई यानी ईओयू ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान उज्ज्वल राज के रूप में हुई है.

कौन है आरोपी?: उज्ज्वल राज एमबीबीएस अंतिम वर्ष का छात्र बताया जा रहा है और वह मोतिहारी के केसरिया थाना क्षेत्र के दिलावरपुर पंचायत के भगवानपुर टोला का रहने वाला है. इस गिरफ्तारी के साथ ही नीट मामले में मोतिहारी से अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

ईओयू की टीम ने उज्ज्वल राज को 11 अगस्त को पटना स्थित आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी के परीक्षा केंद्र के बाहर से गिरफ्तार किया था. जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि नीट एग्जाम से जुड़ी अनियमितताओं से उज्ज्वल राज का संबंध किस स्तर तक था. वहीं, संतोष जायसवाल को इस पूरे मामले का कथित सरगना बताया जा रहा है.

"उज्ज्वल राज के संबंध में आर्थिक अपराध इकाई की कार्रवाई की जानकारी पुलिस को है. मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित जांच एजेंसी द्वारा की जा रही है."- राहुल कुमार, प्रभारी, केसरिया थाना

गांव में आलीशान मकान को लेकर चर्चा: उज्ज्वल राज की गिरफ्तारी की खबर उसके गांव पहुंचते ही इलाके में चर्चा का विषय बन गई. ग्रामीण उसके परिवार और संपत्ति को लेकर तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं. गांव के ही एक जनप्रतिनिधि ने नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर दावा किया कि उज्ज्वल के पिता का कोई बड़ा या स्पष्ट व्यवसाय नहीं है, इसके बावजूद परिवार का मकान गांव के सबसे आलीशान घरों में गिना जाता है.

जनप्रतिनिधि ने उज्ज्वल को लेकर कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं. उनका दावा है कि उज्ज्वल ने कथित तौर पर अपनी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में भी धांधली की थी और अपनी जगह किसी दूसरे अभ्यर्थी से परीक्षा दिलवाई थी. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इनकी सत्यता जांच एजेंसी की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

पेपर उपलब्ध कराने के आरोप की भी जांच: उज्ज्वल राज पर नीट से जुड़ा पेपर उपलब्ध कराने में कथित भूमिका होने का आरोप सामने आया है. उसकी गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसकी भूमिका केवल किसी एक स्तर तक सीमित थी या फिर वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था.

जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि उज्ज्वल के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और मेडिकल एडमिशन से लेकर परीक्षा में कथित अनियमितताओं तक नेटवर्क किस तरह काम करता था. ईओयू अब उसके मोबाइल फोन, संपर्कों, वित्तीय लेन-देन और संभावित सहयोगियों से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर सकती है.

तीन और युवकों पर जांच एजेंसी की नजर: सूत्रों के अनुसार, उज्ज्वल राज से जुड़े तीन युवकों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है. इनमें छतौनी थाना क्षेत्र का एक युवक, नगर थाना क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान से जुड़ा युवक और कल्याणपुर थाना क्षेत्र का एक युवक शामिल बताया जा रहा है.

गांव में दो तरह की चर्चा: उज्ज्वल राज की गिरफ्तारी के बाद गांव में जहां कुछ लोग उसे पढ़ाई में होनहार छात्र बता रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण उसकी कथित संपत्ति और मेडिकल एडमिशन से जुड़े आरोपों को लेकर सवाल उठा रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि मामले की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी.

ये भी पढ़ें: NEET पेपर लीक धांधली में EOU की बड़ी कार्रवाई, 2 डॉक्टर समेत 3 गिरफ्तार