सम्राट चौधरी के गृहमंत्री बनते ही कुख्यात अपराधी का एनकाउंटर, पुलिस ने मर्डर के आरोपी को मारी गोली
सम्राट चौधरी के बिहार का गृहमंत्री बनते ही अपराधियों के खिलाफ एक्शन शुरू हो गया है. बेगूसराय में पुलिस ने कुख्यात अपराधी का एनकाउंटर किया.

Published : November 22, 2025 at 1:59 PM IST
बेगूसराय: बिहार के नए गृहमंत्री के तौर पर सम्राट चौधरी ने चार्ज ले लिया है और इसका असर भी दिखना शुरू हो गया है. बेगूसराय में अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. एसटीएफ और बेगूसराय पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है. इस कार्रवाई में पुलिस के साथ एनकाउंटर मे एक कुख्यात अपराधी घायल हो गया है.
बेगूसराय में बड़ा एक्शन: बताया जाता है कि सर्च ऑपरेशन के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर गोली चलाई थी. जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक अपराधी घायल हो गया है. वहीं एक अपराधी के पकड़े जाने की सूचना है.
कुख्यात अपराधी को लगी गोली: जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के मल्हीपुर और शालिग्रामी गांव के बीच यह कार्रवाई देर रात हुई है. पुलिस के साथ हुए इस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी शिवदत्त राय को जांघ में गोली लगी है, जिसको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दूसरी बड़ी कार्रवाई: इसके पहले भी दो दिन पहले तेघड़ा इलाके में हुए एनकाउंटर मे एक अपराधी जख्मी हो गया था. जिसके बाद यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिसे बीती रात साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में एसटीएफ और बेगूसराय पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया.
#BiharPolice के द्वारा पुलिस मुठभेड़ उपरांत बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थानांतर्गत अपराधकर्मी शिवदत्त राय को गिरफ्तार करते हुए मिनीगन फैक्ट्री का सफल उद्भेदन-07 देशी पिस्टल, नकद राशि एवं अन्य आपत्तिजनक सामानों को किया गया बरामद!(1/5)#BiharSTF #BegusaraiPolice #CrimeControl pic.twitter.com/ep3InUkTKR
— Bihar Police (@bihar_police) November 22, 2025
बिहार पुलिस ने दी जानाकारी: बिहार पुलिस ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा है कि अवैध आग्नेयास्त्र एवं भारी मात्रा में हथियार बनाने की सामग्री तथा अन्य सामान बरामद किया गया है. 07 देसी पिस्टल. 01अर्द्धनिर्मित देसी पिस्तौल, 07 मैगजीन, 3,70,000 रुपया नकद और अवैध कफ सिरप 970 बोतल और हथियार बनाने वाले अन्य सामानों एवं उपकरणों जब्त किए गए हैं.
"पुलिस मुठभेड़ के बाद बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थानांतर्गत अपराधी शिवदत्त राय को गिरफ्तार करते हुए मिनीगन फैक्ट्री का सफल उद्भेदन 07 देशी पिस्टल, नकद राशि एवं अन्य आपत्तिजनक सामानों को बरामद किया गया है."- बिहार पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट

पीसी करेंगे एसपी: हालांकि रात में हुई इस कार्रवाई में अबतक कोई भी आधिकारिक बयान नहीं आया है. बेगूसराय के एसपी इस मामले में पीसी करने वाले हैं, जिसके बाद ही विशेष जानकारी मिल पायेगी. घायल शिवदत्त राय तेघड़ा थाना क्षेत्र का शातिर और फरार अपराधी बताया जाता है.

गुप्त सूचना पर एक्शन: सूत्रों के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि मल्हीपुर इलाके में शिवदत्त राय हथियार खरीदने पहुंचने वाला है, जिसके बाद एसटीएफ की जिला पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. इसी बीच शालीग्राम गांव के आस-पास दो बाइक पर सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी.

अपराधियों का पुलिस पर फायरिंग: आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. इसी दौरान एक गोली शिवदत्त राय को लगी. वहीं रात के अंधेरे का फायदा उठाकर अन्य अपराधी भागने मे सफल रहे. जानकारी के मुताबिक हथियार सहित पुलिस ने मौके से कैश और कफ सिरप बरामद किया है.

कुख्यात अपराधी पर कई संगीन मामले दर्ज: घायल शिवदत्त राय पर तेघड़ा थाना क्षेत्र के धनकौल पंचायत के सरपंच पुत्र की हत्या सहित कई अन्य संगीन मामले दर्ज हैं. वह कई वर्षों से फरार चल रहा था. वहीं पकड़े गए एक अन्य अपराधी के बारे में अभी तक कुछ जानकारी आधिकारिक तौर पर साझा नहीं की गई है.
ये भी पढ़ें
गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला पटना, खुसरूपुर में 25 हजार के इनामी का हाफ एनकाउंटर
मां सरपंच.. पिता सरकारी कर्मचारी.. दिल्ली में बिहार के रंजन पाठक का एनकाउंटर

