ETV Bharat / state

बिहार में RJD प्रत्याशियों का हंगामा, रोहतास में काउंटिंग से पहले स्ट्रांग रूम परिसर में पहुंचा ट्रक

सासाराम में स्ट्रांग रूम के बाहर महागठबंधन प्रत्याशियों ने जमकर हंगामा किया. रात में ट्रक घुसने के बाद उन्होंने EVM बदलने का आरोप लगाया. पढ़ें-

BIHAR ELECTION
सासाराम में स्ट्रांग रूम के बाहर हंगामा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : November 13, 2025 at 8:33 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

सासाराम: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान संपन्न होने के बाद अब मतगणना की तैयारी जोरों पर है. रोहतास जिले के सात विधानसभा सीटों के लिए 14 नवंबर को मतगणना जिला मुख्यालय सासाराम के तकिया बाजार स्थित बाजार समिति प्रांगण में होनी है. वहीं मतगणना से एक दिन पहले स्ट्रांग रूम के बाहर महागठबंधन सहित अन्य दलों के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा किया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई.

स्ट्रांग रूम के सामने धरना और नारेबाजी: हंगामा की शुरुआत तब हुई जब महागठबंधन के प्रत्याशियों को पता चला कि स्ट्रांग रूम के अंदर का सीसीटीवी कैमरा अचानक बंद हो गया है. इसके साथ ही शाम के अंधेरे में एक ट्रक बिना किसी जांच के स्ट्रांग रूम परिसर के अंदर घुस गया. इस पर दिनारा के राजद प्रत्याशी राजेश यादव और सासाराम के राजद प्रत्याशी सत्येंद्र साह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी. वे स्ट्रांग रूम के ठीक सामने धरना पर बैठ गए.

सासाराम स्ट्रांग रूम में रात में घुसा ट्रक (ETV Bharat)

प्रशासन पर गंभीर आरोप: प्रत्याशियों ने जिला प्रशासन पर EVM बदलने की साजिश का आरोप लगाया. राजद प्रत्याशी राजेश यादव ने कहा, "अभी-अभी खाली ट्रक अंदर गया है, उसमें EVM है. शिकायत के बाद भी प्रशासन सुनने को तैयार नहीं. सीसीटीवी कैमरा बंद पाया गया, साफ है कि खेल हो रहा है." वहीं सत्येंद्र साह ने कहा, "रात में स्ट्रांग रूम के बाहर ट्रक क्यों घुसा?

"सीसीटीवी बंद है, यह EVM बदलने की साजिश है. रोहतास की सातों सीटों पर महागठबंधन जीत रहा है, हार से घबरा कर यह सब हो रहा है."-सत्येंद्र साह,राजद प्रत्याशी, सासाराम

BIHAR ELECTION
स्ट्रांग रूम के सामने धरना और नारेबाजी (ETV Bharat)

मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी: हंगामा काफी देर तक चलता रहा, जिसके बाद रोहतास के एसपी रौशन कुमार और डीएम उदिता सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. ट्रक की जांच की गई, जिसमें केवल खाली बक्से पाए गए. डीएम उदिता सिंह ने प्रत्याशियों को समझाने की कोशिश की और कहा कि यदि कोई संदेह है तो सीसीटीवी फुटेज भी देखी जाएगी. एसडीएम आशुतोष रंजन ने करगहर के कांग्रेस प्रत्याशी संतोष कुमार मिश्र को बताया कि ये खाली बक्से मतगणना के बाद EVM रखने के लिए हैं, जो 10 नवंबर तक पहुंचने थे लेकिन देरी से आए.

"बक्सों की जांच की जांच की गयी है, सभी खाली हैं, फिर भी यदि कोई संदेह है तो सीसीटीवी भी हम देखेंगे."-उदिता सिंह, डीएम, रोहतास

Sasaram counting
रात को पहुंची डीएम (ETV Bharat)

खाली बक्सों पर सवाल: हंगामा कर रहे प्रत्याशियों ने सवाल उठाया कि आखिर रात के अंधेरे में खाली बक्सों से भरा ट्रक लाने की क्या जरूरत थी? प्रशासन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. बक्सों की जांच प्रत्याशियों के सामने की गई और सभी खाली पाए गए, लेकिन संदेह बरकरार रहा. देर रात तक समर्थक हंगामा करते रहे और अधिकारी समझाने में जुटे रहे.

पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी पर सवाल: पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के बावजूद ट्रक का परिसर में प्रवेश होना महागठबंधन के लिए बड़ा मुद्दा बन गया. प्रत्याशियों ने प्रशासन की नियत पर सवाल खड़े किए।.राजद प्रत्याशी सत्येंद्र साह ने कहा, "अधिकारियों को फोन किया तो सुबह मिलने की बात कही. किसके इशारे पर यह खेल हो रहा है? हम यह बर्दाश्त नहीं करेंगे."

Sasaram counting
ट्रक के अंदर खाली बक्सा (ETV Bharat)

महागठबंधन का दावा- NDA का होगा सुपड़ा साफ: महागठबंधन के प्रत्याशी दावा कर रहे हैं कि रोहतास की सातों सीटों पर वे जीत रहे हैं और NDA का सुपड़ा साफ होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि हार की आशंका से EVM बदलने की कोशिश की जा रही है. दिनारा के राजेश यादव ने कहा, "यह सरासर धांधली है, हम लोकतंत्र की रक्षा करेंगे."

मतगणना से पहले तनाव: 14 नवंबर को होने वाली मतगणना से पहले यह घटना जिले में राजनीतिक तनाव बढ़ा रही है. प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतगणना का आश्वासन दिया है, लेकिन प्रत्याशियों का धरना और आरोप-प्रत्यारोप से माहौल गरमाया हुआ है.

ये भी पढ़ें-

2020 में तीसरा स्थान.. 2025 में नंबर-1? इन वजहों से बिहार की राजनीति के 'बाजीगर' बन सकते हैं नीतीश कुमार

Exit Poll में प्रशांत किशोर का नहीं दिख रहा प्रभाव, कहीं पुष्पम प्रिया चौधरी की तरह बिहार में 'ओझल' तो नहीं हो जाएंगे?

'18 को शपथ ग्रहण' तेजस्वी यादव ने Exit Poll को झुठलाया, कहा- सरकार बदलने जा रही है..

Bihar election 2025: सामने आए एग्जिट पोल, बनेगी इनकी सरकार