ललन सिंह ने जेल में बंद अनंत सिंह को दी क्लीनचिट, बोले- 'षड्यंत्र कर फंसाया गया'
मोकामा में ललन सिंह ने जेल में बंद अनंत सिंह के लिए चुनाव प्रचार किया और कहा कि अनंत सिंह के खिलाफ साजिश रची गई.

Published : November 3, 2025 at 3:56 PM IST
पटना: बाहुबली नेता और जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह के लिए रविवार को मोकामा में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने चुनाव प्रचार किया और उनके पक्ष में जनता से वोट करने की अपील की. इस दौरान उन्होंने दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह की गिरफ्तारी को लेकर बड़ा बयान दिया है. ललन सिंह ने कहा कि अनंत सिंह की गिरफ्तारी एक षड्यंत्र है.
ललन सिंह ने अनंत सिंह के लिए किया प्रचार: मोकामा में ललन सिंह ने जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह के लिए प्रचार-प्रसार किया. मोकामा में अनंत सिंह के जेल जाने के बाद ललन सिंह ने चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है. इस दौरान ललन सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, 30 अक्टूबर की घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत वहां पहुंची और पूरी तत्परता के साथ मामले में जांच-पड़ताल की गई. साथ ही तुरंत एक्शन भी लिया गया.
"एक-एक व्यक्ति अनंत सिंह बनकर चुनाव लड़े. अनंत बाबू थे तो मेरी जिम्मेदारी कम थी, लेकिन अभी वह नहीं हैं तो मैंने चुनाव की कमान संभाल ली है."- ललन सिंह, केंद्रीय मंत्री
अनंत सिंह की अनुपस्थिति में ये चुनाव हमारा और आपका है, यह जिम्मेदारी मोकामा के जनता की और हमारी है - श्री @LalanSingh_1 जी, केंद्रीय मंत्री, भारत सरकार।।#LalanSingh #Mokama #AnantSingh #NitishKumar #NarendraModi #BJP4Bihar #JDU #NDA pic.twitter.com/FqqyuEkqRB
— Anant Kumar Singh (@MLA_AnantSingh) November 3, 2025
षडयंत्र का जल्द होगा पर्दाफाश: केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमने कानून का सम्मान किया है. आज वह (अनंत सिंह) नहीं हैं. जो कुछ भी हुआ है उसमें बड़ी साजिश रची गई है. यह घटना अपने आप नहीं हुई है. इस पूरी वारदात की पुलिस जांच कर रही है. जल्द ही षड्यंत्र का पर्दाफाश हो जाएगा. ललन सिंह के इस बयान को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है.
पीएम मोदी की गाड़ी में ललन सिंह: रविवार को पीएम मोदी ने बिहार में चुनाव प्रचार किया. इस दौरान पटना में रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जगह केंद्रीय मंत्री ललन सिंह उनकी गाड़ी में मौजूद थे. पीएम मोदी की गाड़ी में ललन सिंह का उपस्थित होना मोकामा में संदेश देने की कोशिश मानी जा रही है कि पार्टी और गठबंधन अनंत सिंह के साथ है.
#WATCH | #BiharElection2025 | People cheer and chant his name as Prime Minister Narendra Modi holds a road show in Patna, Bihar. pic.twitter.com/U7R6LugiJA
— ANI (@ANI) November 2, 2025
लोकसभा चुनाव में अनंत सिंह ने किया था प्रचार: अनंत सिंह को ललन सिंह का करीबी माना जाता है. इसका उदाहरण लोकसभा चुनाव के दौरान भी दिखा था. अनंत सिंह जेल से बाहर आकर ललन सिंह के लिए प्रचार कर रहे थे. मोकामा लोकसभा क्षेत्र के तहत मुंगेर आता है.
दुलारचंद हत्याकांड: 30 अक्टूबर (गुरुवार) को मोकामा के तारतर इलाके में दो उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें दुलारचंद यादव की हत्या हो गई थी. प्रारंभिक जांच में पता चला कि घटना के समय अनंत सिंह मौके पर मौजूद थे और उन्होंने आचार संहिता का उल्लंघन किया था. हालांकि अनंत सिंह लगातार मामले में संलिप्तता की बात से इनकार कर रहे हैं. इस बीच अनंत सिंह सहित तीन आरोपियों की कोर्ट में पेशी हुई. जिसके बाद सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. अनंत सिंह अब जेल से ही विधानसभा चुनाव लड़ेंगे.
जेल से लड़ेंगे चुनाव: अनंत सिंह मोकामा सीट से 2005 से विधानसभा चुनाव जीतते आ रहे हैं. वह पांच बार इसी सीट से विधायक रहे हैं. वहीं 2020 में आरजेडी की टिकट पर जीत हासिल की. एक मामले में कोर्ट ने उन्हें सजा सुनाई, जिसके बाद उनकी विधायकी चली गई. 2022 में मोकामा विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुए और अनंत सिंह की पत्नी नीलम सिंह को उतारा गया. अनंत सिंह जेल में थे और उनकी पत्नी चुनाव जीत गईं. इस बार अनंत सिंह खुद प्रत्याशी हैं और चुनाव जेल से ही लड़ेंगे.
ये भी पढ़ें
दुलारचंद हत्याकांड में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में अनंत सिंह, जेल से लड़ेंगे चुनाव
दुलारचंद यादव मर्डर केस में अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर बोले तेजस्वी,यह तो होना ही था
अनंत सिंह गिरफ्तार, दुलारचंद यादव मर्डर केस में बिहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई

