लखनऊ स्टेशन से बिहार के बुजुर्ग लापता, पत्नी संग ट्रेन से दिल्ली जा रहे थे; GRP पर लापरवाही का आरोप
पुलिस और जीआरपी सीमा विवाद में उलझी, उच्च अफसरों के निर्देश पर जीआरपी ने दर्ज की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : November 17, 2025 at 6:52 AM IST
|Updated : November 17, 2025 at 7:12 AM IST
लखनऊ: बिहार के खगड़िया से पत्नी के साथ दिल्ली जा रहे बुजुर्ग यात्री अचानक लखनऊ पहुंचते ही लापता हो गए. सूचना पर परिवार के लोग लखनऊ पहुंचे. यहां बुजुर्ग को खोजने के बजाय जीआरपी और पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही. जब उच्च स्तर पर शिकायत हुई तो जीआरपी ने आनन-फानन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की. अब जीआरपी बुजुर्ग यात्री को ढूंढने में तत्परता नहीं दिखा रही है, ऐसा परिवार का आरोप है.
कहां के रहने वाले हैं बुजुर्ग: जानकारी के मुताबिक बिहार के 75 वर्षीय मधेपुरा सिनवाड़ा निवासी फूलेश्वर प्रसाद पत्नी मंदिका देवी के साथ बीती 10 नवंबर को ट्रेन संख्या 15705 चंपारण हमसफर एक्सप्रेस से खगड़िया से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे. 11 नवंबर की सुबह चार बजे ट्रेन लखनऊ पहुंची तो फूलेश्वर प्रसाद यहां पर उतर गए. ट्रेन आगे बढ़ी तो पत्नी मंदिका की नींद खुली और फूलेश्वर को अपनी सीट पर न देखकर परेशान हो गईं. उन्होंने तत्काल परिजनों को इसकी सूचना दी. दिल्ली और बिहार से परिवार 12 नवंबर को लखनऊ आ गया.
परिवार ने लगाया ये आरोप: परिवार का आरोप है कि पिता को खोजने के लिए जीआरपी से अनुरोध किया तो कहा गया कि मामला हुसैनगंज थाने का है. परिवार हुसैनगंज थाना पहुंचा तो कहा गया कि स्टेशन जीआरपी के क्षेत्र में आता है. इसके बाद परिवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसकी शिकायत की.
रात में जीआरपी ने फोन कर दर्ज की रिपोर्ट: इसके बाद जीआरपी ने फोन कर देर रात गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की. परिवार का आरोप है कि वह घंटों तक स्टेशन पर खुद ही फूलेश्वर प्रसाद को ढूंढते रहे, पुलिस और जीआरपी ने उनकी कोई सहायता ही नहीं की. जीआरपी ने कंट्रोल रूम के फुटेज खंगाले तो फूलेश्वर प्रसाद किसी के साथ जाते हुए दिख रहे थे. परिवार का आरोप है कि जितना समय जीआरपी ने कागजी खानापूरी में लगा दिया, उतने समय में गुम हुए यात्री को खोजा जा सकता था.
जीआरपी इंस्पेक्टर ये बोले: इस मामले पर जीआरपी इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह का कहना है कि बुजुर्ग यात्री मानसिक रूप से बीमार हैं. उनके परिवार के आने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई. बुजुर्ग को खोजने का पूरा प्रयास किया जा रहा है. उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें खोज लिया जाएगा.

