ETV Bharat / state

बिहार के सरकारी स्कूलों में रील्स बनाने पर रोक, राजनीतिक-धार्मिक प्रचार पर भी लगा प्रतिबंधित

reels Ban in Bihar schools:बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षक और कर्मियों के रील्स और वीडियो बनाने पर रोक लगा दिया गया है. रिपोर्ट- कृष्णनंदन

BIHAR EDUCATION DEPARTMENT
शिक्षा विभाग बिहार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : November 5, 2026 at 12:31 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: बिहार के सरकारी स्कूलों में अब शिक्षक और कर्मचारी मनमाने तरीके से रील्स और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड नहीं कर सकेंगे. विद्यालय परिसर में किसी भी तरह का सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने के लिए सक्षम अधिकारी से लिखित पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा.

शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रतिबंध

शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सख्त निर्देश जारी करते हुए शिक्षकों और कर्मचारियों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर कई प्रतिबंध तय किए हैं. इसके तहत राजनीतिक, धार्मिक, जातिगत और उपजाति आधारित मुद्दों पर सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान चलाने पर भी रोक लगाई गई है.

सरकारी विद्यालयों में सख्ती से आदेश का पालन

शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) विजय कुमार पांडेय ने राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (डीपीओ) को इस संबंध में निर्देश जारी किया है. क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशकों और जिला शिक्षा पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है.

बच्चों की निजता और पढ़ाई को लेकर चिंता

शिक्षा विभाग के संज्ञान में ऐसे कई मामले आए हैं, जिनमें शिक्षक और विद्यालय के अन्य कर्मचारी स्कूल परिसर में रील्स और वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम, फेसबुक समेत दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर रहे हैं. कुछ मामलों में कक्षा संचालन के दौरान भी वीडियो बनाए जाने और विद्यार्थियों को उसमें शामिल करने की शिकायतें सामने आई हैं. विभाग ने इसे बच्चों की निजता, उनके मौलिक अधिकार और पढ़ाई के अनुकूल वातावरण के लिहाज से अनुचित माना है.

क्यों लगी रील्स पर रोक

विभाग का कहना है कि विद्यालय परिसर का इस्तेमाल शिक्षण और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए होना चाहिए, न कि निजी लोकप्रियता हासिल करने या सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर बनने के लिए. इस तरह की गतिविधियों से शिक्षण कार्य प्रभावित होता है और सरकारी संस्थानों की छवि भी खराब होती है. निदेशक विजय कुमार पांडेय की ओर से जारी निर्देश में सरकारी परिसर में रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की प्रवृत्ति पर आपत्ति जताई गई है.

BIHAR EDUCATION DEPARTMENT
सरकारी स्कूलों में रील्स बनाने पर रोक (ETV Bharat)

राजनीतिक, धार्मिक और जातिगत प्रचार पर पाबंदी

शिक्षा विभाग ने बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 और बिहार सरकारी सेवक आचार (संशोधन) नियमावली, 2026 के प्रावधानों का हवाला देते हुए सरकारी कर्मचारियों को राजनीतिक, धार्मिक, जाति, उपजाति और समुदाय आधारित प्रचार अभियान चलाने से मना किया है. संशोधित नियमावली के नियम-9(3) के तहत सोशल मीडिया पर इस तरह की गतिविधियों को प्रतिबंधित किया गया है. इसके अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा के प्रतिकूल सामग्री पोस्ट करने पर भी रोक लगाई गई है.

ऐसे कंटेंट पोस्ट करने से बचने

आदेश में अश्लील, आपत्तिजनक, अपमानजनक, धमकी भरी और अभद्र सामग्री बनाने या प्रसारित करने को भी अनुचित बताया गया है. साथ ही दूसरे व्यक्तियों के बौद्धिक संपदा अधिकारों का उल्लंघन करने वाली सामग्री पोस्ट करने से बचने का निर्देश दिया गया है. विभाग ने इन प्रावधानों के संदर्भ में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66ई और 72 का भी उल्लेख किया है.

विशेष कार्यक्रमों के वीडियो के लिए भी अनुमति जरूरी

शिक्षा विभाग ने विद्यालयों में होने वाली सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों की रिकॉर्डिंग पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई है. हालांकि, ऐसे कार्यक्रमों के वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले संबंधित नियंत्रक या नियंत्री पदाधिकारी से लिखित अनुमति लेनी होगी.

बिना अनुमति इन कार्यक्रमों की नहीं कर सकते रिकॉर्डिंग

15 अगस्त और 26 जनवरी के सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पौधरोपण, रक्तदान, अंगदान, अन्नदान और स्वच्छता अभियान जैसी गतिविधियों की रिकॉर्डिंग भी करने से पहले लिखित अनुमति लेनी होगी. गणमान्य व्यक्तियों के औचक निरीक्षण से जुड़े कार्यक्रमों के वीडियो बनाने के लिए भी पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी.

बाहरी व्यक्तियों के अनधिकृत प्रवेश पर रोक

इसके साथ ही शिक्षण कार्य के दौरान विद्यालय परिसर में बाहरी व्यक्तियों के अनधिकृत प्रवेश पर भी रोक लगाने का निर्देश दिया गया है. शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी स्कूलों में अनुशासन, बच्चों की निजता और पढ़ाई के माहौल से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है. आदेश की अनदेखी करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है.

ये भी पढ़ें-

बिहार में शिक्षकों के तबादले का रास्ता साफ, जानें कब खुलेगा पोर्टल और कब तक कर सकेंगे आवेदन

बिहार शिक्षक बहाली में टूटा रिकॉर्ड, एक पद पर 30 दावेदार, जानें किस क्लास में कितनी भर्ती

'ड्रेस कोड लागू करना है तो कपड़े भी सिलवाकर सरकार दे..' बिहार शिक्षक संघ ने जताई नाराजगी