ETV Bharat / state

CUET-UG 2026 के आवेदन के लिए 37 में से सिर्फ 5 विषय चुनने होंगे, केंद्रीय विश्वविद्यालयों में इसी परीक्षा के आधार पर होगा दाखिला

CUET-UG 2026 के लिए 30 जनवरी तक आवेदन होगा. छात्रों को 37 में से सिर्फ 5 विषय चुनना होगा. पढ़ें..

CUET UG 2026
CUET-UG 2026 के लिए 30 जनवरी तक आवेदन (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : January 11, 2026 at 3:27 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: देशभर के 47 केंद्रीय विश्वविद्यालयों और 300 से अधिक कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट यानी CUET UG 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया रविवार से शुरू हो गई है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित इस परीक्षा के जरिए हीं केंद्रीय विश्वविद्यालयों के अंडर ग्रेजुएट कोर्स में दाखिला होता है. ऐसे में देश भर के लाखों छात्रों के लिए एक समान मंच पर देश के प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में दाखिले का मौका है.

30 जनवरी तक किया जा सकेगा आवेदन: CUET UG 2026 के लिए इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट https://cuet.nta.nic.in पर जाकर 30 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया पूरी मानने के लिए निर्धारित तिथि तक शुल्क का भुगतान करना अनिवार्य होगा. एनटीए ने स्पष्ट किया है कि बिना शुल्क भुगतान के आवेदन को मान्य नहीं माना जाएगा.

CUET UG 2026
स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए प्रक्रिया जारी (ETV Bharat)

जो अभ्यर्थी समय रहते आवेदन फॉर्म भर देते हैं, वे 31 जनवरी की रात तक आवेदन शुल्क का भुगतान कर सकते हैं. इसके बाद भुगतान का कोई अवसर नहीं मिलेगा. एनटीए ने छात्रों को सलाह दी है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते शुल्क का भुगतान कर दें, ताकि तकनीकी दिक्कतों से बचा जा सके.

आवेदन में सुधार का मिलेगा मौका: एनटीए ने छात्रों को राहत देते हुए आवेदन फॉर्म में सुधार की सुविधा भी दी है. 2 फरवरी से 4 फरवरी के बीच अभ्यर्थी अपने आवेदन फॉर्म में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे. इस दौरान फोटो, सिग्नेचर, विषय चयन और अन्य विवरणों में सुधार किया जा सकेगा. हालांकि कुछ सीमित जानकारियों में ही बदलाव की अनुमति होगी.

वहीं CUET UG 2026 से जुड़ी परीक्षा शहर की जानकारी, एडमिट कार्ड डाउनलोड और आंसर-की से संबंधित तिथियां एनटीए की वेबसाइट पर बाद में जारी की जाएंगी. फिलहाल एनटीए ने इतना स्पष्ट किया है कि परीक्षा का आयोजन 11 मई से 31 मई 2026 के बीच संभावित है.

321 शहरों में होगी परीक्षा: एनटीए के अनुसार CUET UG 2026 का आयोजन देशभर के 321 शहरों में किया जाएगा. इसके अलावा विदेशों में भी कुछ परीक्षा केंद्र निर्धारित किए जा सकते हैं. इसका उद्देश्य यह है कि छात्रों को अपने नजदीकी शहर में परीक्षा देने का अवसर मिल सके और उन्हें यात्रा में अधिक परेशानी न हो. परीक्षा का आयोजन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में किया जाएगा. सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ यानी मल्टीपल चॉइस क्वेश्चन (MCQ) आधारित होंगे. इससे परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी होगी और परिणाम समय पर घोषित किए जा सकेंगे.

37 में से सिर्फ 5 विषय चुनने होंगे: CUET UG 2026 में इस बार विषय चयन को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी. कुल 37 विषयों में से अभ्यर्थियों को सिर्फ 5 विषय ही चुनने होंगे. इन्हीं विषयों के आधार पर छात्र आगे विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकेंगे. एनटीए और विशेषज्ञों ने छात्रों को सलाह दी है कि डोमेन सब्जेक्ट का चयन बेहद सोच-समझकर करें. जिस कोर्स में दाखिला लेना चाहते हैं, उससे संबंधित विषयों का चयन करना जरूरी होगा. गलत विषय चयन करने पर छात्र बाद में मनचाहे कोर्स से वंचित भी हो सकते हैं.

तीन सेक्शन में होगी परीक्षा: शिक्षाविद विकास चौहान ने बताया कि CUET UG 2026 की परीक्षा तीन प्रमुख सेक्शन में आयोजित होगी. इसमें भाषा सेक्शन, डोमेन सब्जेक्ट सेक्शन और जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट शामिल है. भाषा सेक्शन में हिंदी, अंग्रेजी के अलावा असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू जैसी भाषाएं शामिल हैं. परीक्षा में प्रत्येक पेपर के लिए 60 मिनट का समय दिया जाएगा. हर पेपर में 50 प्रश्न होंगे, जिन्हें हल करना होगा. सभी सही उत्तरों के लिए 5 अंक दिए जाएंगे, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी.

CUET UG 2026
शिक्षाविद विकास चौहान (ETV Bharat)

आवेदन शुल्क हर श्रेणी के लिए अलग: CUET UG 2026 के लिए आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार निर्धारित किया गया है. सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को तीन विषयों के लिए 1000 रुपये शुल्क देना होगा. यदि तीन से अधिक विषयों का चयन किया जाता है तो प्रत्येक अतिरिक्त विषय के लिए 400 रुपये अतिरिक्त देने होंगे. ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क तीन विषयों के लिए 900 रुपये रखा गया है.

इसके बाद प्रत्येक अतिरिक्त विषय के लिए 375 रुपये देने होंगे. वहीं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 800 रुपये निर्धारित किया गया है. यह शुल्क तीन विषयों तक लागू होगा. एनटीए का कहना है कि मान्यता प्राप्त श्रेणी प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा.

200 से अधिक विश्वविद्यालयों में मिलेगा दाखिला: CUET UG 2026 के स्कोर के आधार पर देशभर के केंद्रीय, राज्य, डीम्ड और निजी विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलेगा. एनटीए के अनुसार 200 से अधिक विश्वविद्यालय इस परीक्षा के माध्यम से दाखिला देंगे. पिछले वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में आवेदन आने की संभावना है. पिछले वर्ष CUET UG के लिए 13 लाख से अधिक छात्रों ने आवेदन किया था. इधर एनटीए ने परीक्षा संचालन को लेकर सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं.

छात्रों को समय पर तैयारी की सलाह: शिक्षाविद विकास चौहान ने बताया कि का कहना है कि CUET UG 2026 में सफल होने के लिए छात्रों को अभी से पाठ्यक्रम के अनुसार तैयारी शुरू कर देनी चाहिए. हालांकि अभ्यर्थी बोर्ड परीक्षा को लेकर अभी ज्यादा तैयारी करें और बोर्ड परीक्षा का रिवीजन अच्छे ढंग से हो जाएगा तो इसके बाद होने वाली इस परीक्षा में भी तैयारी के लिए अधिक मेहनत नहीं करनी पड़ेगी. छात्रों को खासकर डोमेन सब्जेक्ट और जनरल टेस्ट पर फोकस करना जरूरी होगा. इस परीक्षा के संबंध में कोई भी जानकारी के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट के इनफार्मेशन को ही फॉलो करें.

बिहार के पांच विश्वविद्यालय में दाखिला: विकास चौहान ने बताया कि हालांकि बिहार के लगभग सभी विश्वविद्यालय अपने आधार पर एडमिशन लेते हैं, जहां CUET UG का परिणाम और परीक्षा में शामिल होना मायने नहीं रखता. बिहार के पांच विश्वविद्यालय में ही इस परीक्षा का परिणाम मायने रखता है और यहां इसी आधार पर एडमिशन होता है, जिसमें दो सेंट्रल यूनिवर्सिटी और तीन प्राइवेट यूनिवर्सिटी है.

महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय और दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय में 6-6 विषय में अंडरग्रैजुएट कोर्स के लिए दाखिला इस रिजल्ट के आधार पर होता है. इसके अलावा एमिटी यूनिवर्सिटी और गोपाल नारायण सिंह यूनिवर्सिटी में 8-8 विषय और वैशाली के सीवी रमन यूनिवर्सिटी में 7 विषय के लिए दाखिला इस रिजल्ट के आधार पर होता है.

ये भी पढ़ें: पटना विश्वविद्यालय में एडमिशन लेने वालों की संख्या क्यों घटी? 950 सीट अब भी खाली