200 सदस्य बनाने वाला ब्लॉक अध्यक्ष.. जिलाध्यक्ष के लिए 1500 मेंबर, कांग्रेस में 'टैलेंट हंट' के जरिए चयन
बिहार कांग्रेस में टैलेंट हंट के जरिए अहम पदों पर चयन होगा. संगठनात्मक दृष्टिकोण से भी कई अहम फैसले लिए गए हैं. पढ़ें पूरी खबर..

Published : February 16, 2026 at 6:19 PM IST
पटना: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करने में जुट गई है. बिहार में भी पार्टी ने जिले में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है और पर्यवेक्षकों के कंधों पर जिलों में संगठनात्मक मजबूती प्रदान करने की जिम्मेदारी है. प्रदेश कार्यालय में बिहार प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में पर्यवेक्षकों की बैठक हुई, जिसमें कई राजनीतिक फैसले लिए गए. इसके तहत महत्वपूर्ण पदों के लिए टैलेंट हंट कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे.
700 से अधिक युवाओं ने दिया आवेदन: एनडीए से लड़ने के लिए कांग्रेस 'एकला चलो' की राह पर है और पार्टी बिहार में पुराने ताकत को हासिल करना चाहती है. पार्टी इस बार तकनीक का सहारा भी ले रही है और युवा कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए रणनीति बनाई गई है. टैलेंट हंट के जरिए कांग्रेस पार्टी युवाओं को जोड़ने की तैयारी कर चुकी है और 700 से अधिक युवाओं ने आवेदन भी दिए हैं.
कौन होगा जिलाध्यक्ष पद का दावेदार?: कांग्रेस पार्टी ने पार्टी में पद हासिल करने के लिए भी फार्मूला तैयार किया है. सदस्यता अभियान के जरिए नेताओं का आकलन किया जाएगा. कांग्रेस पार्टी में अगर किसी व्यक्ति को ब्लॉक अध्यक्ष बनना है तो उन्हें 200 सदस्य बनाने होंगे. इसके अलावा अगर कोई व्यक्ति जिला अध्यक्ष मनाना चाहता है तो उन्हें 1500 से अधिक सदस्य बनाने होंगे.

पार्टी में होंगे 60 से अधिक जिले: कांग्रेस पार्टी संगठनात्मक दृष्टिकोण से भी जिलों की संख्या बढ़ाना चाहती है. पार्टी ने फैसला लिया है कि अब राज्य में जिलों की संख्या 60 से लेकर 64 के बीच होगी. पूरे बिहार में अब 60 से ज्यादा पार्टी के जिला अध्यक्ष होंगे. इससे पहले कांग्रेस पार्टी के अंदर राजनीतिक दृष्टिकोण से 45 जिले थे.

"पर्यवेक्षकों की बैठक हुई है बैठक में आगामी रणनीति तैयार की गई है. तमाम पर्यवेक्षकों को टास्क भी सौंपा गया है. पार्टी के अंदर वैसे लोगों को पद दिया जाएगा, जो अधिक से अधिक सदस्य बनायेंगे. सदस्यता अभियान के आधार पर नेताओं के लिए जिम्मेदारी तय की जाएगी."- राजेश राठौड़, मुख्य प्रवक्ता, बिहार कांग्रेस
बिहार की मुखर आवाज़ 📢
— Bihar Congress (@INCBihar) February 16, 2026
कांग्रेस प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट एवं रिसर्चर बनने का मौका।
आवेदन करने के लिए दिए गए लिंक या QR के माध्यम से आप अपना आवेदन कर सकते हैं।
-👇 https://t.co/kToHXAdTmB pic.twitter.com/YK625dheoB
क्या बोले प्रदेश अध्यक्ष?: बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु के नेतृत्व में बैठक हुई और बैठक में संगठन को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. तमाम पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी तय की गई है. हम लोग जिलों की संख्या बढ़ाने जा रहे हैं और टैलेंट हंट के जरिए मीडिया पैनलिस्ट मीडिया प्रभारी और अन्य पदों पर नियुक्ति करने जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें:
बिहार कांग्रेस में ताबड़तोड़ एक्शन, 15 जिला अध्यक्षों को नोटिस, जानें कौन-कौन हैं शामिल
क्या आपको ऑफर दिया जा रहा है? कांग्रेस विधायक बोले- 'यह गोपनीय बात है, यह मैं नहीं बता सकता हूं'
RJD से अलग होगी कांग्रेस! बिहार में हार के बाद नेताओं ने गठबंधन पर उठाए सवाल
क्या टूट जाएगा महागठबंधन? पटना में कांग्रेस की बड़ी बैठक.. हार पर होगा मंथन

