ETV Bharat / state

पटना में भीषण ठंड और शीतलहर से 5वीं तक के सभी स्कूलों के बंद रखने की तारीख बढ़ी

पटना में स्कूलों को 13 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जिला कलेक्टर की ओर से दिया गया है. आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हैं-

13 जनवरी तक स्कूल बंद
13 जनवरी तक स्कूल बंद (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : January 11, 2026 at 3:52 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : राजधानी पटना में बढ़ती ठंड और भीषण शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बार फिर स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया है. बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए पटना जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एम.एस. ने गुरुवार को एक आदेश जारी किया है.

13 जनवरी तक स्कूल बंद : इस आदेश के तहत जिले में कक्षा 5 तक के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों को 13 जनवरी 2026 तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. जिलाधिकारी द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि सुबह के समय अत्यधिक कम तापमान और शीतलहर के कारण बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका बनी रहती है. इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों के लिए नए दिशा-निर्देश लागू किए गए हैं. यह आदेश जिले में तत्काल प्रभाव से लागू होगा.

''केवल सरकारी और निजी विद्यालय ही नहीं, बल्कि आंगनवाड़ी केंद्र और प्री-स्कूल भी इस दायरे में शामिल होंगे. कक्षा 5 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाई गई है. यह रोक 13 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगी. किसी भी स्थिति में आदेश का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी स्कूल प्रबंधन को इसका सख्ती से पालन करना होगा.''- डॉ त्यागराजन एम एस, जिलाधिकारी, पटना

छठवीं से ऊपर की कक्षाओं को आंशिक छूट : वहीं कक्षा 6 और उससे ऊपर की कक्षाओं के लिए आंशिक रूप से छूट दी गई है. जिलाधिकारी के निर्देश के अनुसार, इन कक्षाओं की पढ़ाई सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी और दोपहर 3 बजे तक ही संचालित की जा सकेगी. सुबह 10:30 बजे से पहले और दोपहर 3 बजे के बाद किसी भी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छात्र-छात्राओं को अत्यधिक ठंड में घर से बाहर न निकलना पड़े.

तत्काल लागू हुआ आदेश : प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह आदेश शुक्रवार, 11 जनवरी से लागू होकर 13 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा. मौसम की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है. आगे की परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यकतानुसार आदेश में संशोधन भी किया जा सकता है.

भयंकर ठंड और शीतलहर के चलते फैसला : गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से पटना समेत पूरे बिहार में ठंड और शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है. सुबह और देर रात तापमान काफी नीचे चला जा रहा है, जिससे खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ गया है. इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है.

ये भी पढ़ें-