ETV Bharat / state

'अपराधी किसी जाति या धर्म का हो, पुलिस को चैलेंज करेगा तो 48 घंटे में जवाब मिलेगा', CM सम्राट चौधरी की खुली छूट

सम्राट चौधरी ने साफ कर दिया है कि बिहार में अपराधियों को करारा जवाब मिलेगा. पुलिस को चैलेंज करेगा तो 48 घंटे में जवाब मिलेगा.

SAMRAT CHOUDHARY
कार्यक्रम के उद्घाटन मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : May 11, 2026 at 1:46 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : ''मैंने पुलिस का हाथ खोल दिया है. पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि अगर कोई उन्हें चुनौती देता है तो 48 घंटे के भीतर जवाब दें. सरकार के लिए यह मायने नहीं रखता कि अपराधी किस जाति या धर्म का है. अपराध करने वाला किसी भी हाल में बच नहीं सकता. बिहार में कानून का राज है और इसे बरकरार रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.'' यह कहना है बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का.

'बिहार तेजी से आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा' : सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में बिहार तेजी से आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है. सरकार राज्य में इंडस्ट्री को बढ़ावा देने की दिशा में भी तेजी से काम कर रही है. उन्होंने कहा कि उद्योग लगाने के लिए सबसे जरूरी चीज सुशासन और कानून का राज है. इसी कारण सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है.

CM सम्राट चौधरी अपना वक्तव्य रखते हुए (ETV Bharat)

मंदिरी नाला सड़क परियोजना का उद्घाटन : दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राजधानी पटना के बहुप्रतीक्षित मंदिरी नाला सड़क परियोजना का उद्घाटन किया. इस मौके पर उन्होंने कानून व्यवस्था और सुशासन को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि अगर कोई पुलिस को चुनौती देगा तो 48 घंटे के भीतर जवाब मिलेगा. उन्होंने साफ कहा कि अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और सरकार की प्राथमिकता हर हाल में सुशासन कायम रखना है.

'नितिन नबीन और पूरी टीम को धन्यवाद' : उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिरी नाला के आसपास का इलाका लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहा था. अब इस सड़क के शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. उन्होंने कहा कि यह पूरा इलाका तेजी से रेसिडेंशियल से कॉमर्शियल हब में बदलने जा रहा है. इसके लिए उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और पूरी टीम को धन्यवाद दिया.

SAMRAT CHOUDHARY
उद्घाटन करते सम्राट चौधरी, नितिन नबीन, बिजेन्द्र यादव (ETV Bharat)

''सरकार सिर्फ एक सड़क बनाकर रुकने वाली नहीं है, बल्कि पटना के दोनों ओर नए शहर विकसित किए जाएंगे. एक ओर पाटलिपुत्र शहर विकसित होगा तो दूसरी ओर हरिहरनाथ पुरम शहर बसाया जाएगा. इसके अलावा आने वाले कुछ महीनों में दीदारगंज छोटी पहाड़ी होते हुए राघोपुर से हाजीपुर तक सड़क संपर्क भी सुचारू हो जाएगा. इससे पटना से उत्तर बिहार जाने वाले लोगों को कई वैकल्पिक मार्ग मिलेंगे और ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी.''- सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार

मंदिरी नाला पर बनी यह सड़क राजधानी के ट्रैफिक सिस्टम के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. सड़क बनने के बाद अब लोग इनकम टैक्स गोलंबर से सीधे अशोक राजपथ तक जा सकेंगे. इससे पीएमसीएच, एनएमसीएच, गायघाट, कंगनघाट, गुरुद्वारा और दीदारगंज आने-जाने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी. इस परियोजना का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था. यह बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व बांकीपुर विधायक नितिन नबीन का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जाता रहा है.

SAMRAT CHOUDHARY
नवीन किशोर सिन्हा पथ (ETV Bharat)

'नवीन किशोर सिन्हा पथ' : सरकार ने इस सड़क का नामकरण नितिन नबीन के पिता और बांकीपुर क्षेत्र के पूर्व विधायक नवीन किशोर सिन्हा के नाम पर किया है. अब यह सड़क 'नवीन किशोर सिन्हा पथ' के नाम से जानी जाएगी. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश देते हुए कहा कि अगले वर्ष इस परियोजना की वर्षगांठ पर नवीन किशोर सिन्हा की आदमकद प्रतिमा भी इस सड़क पर स्थापित की जाए.

ये भी पढ़ें :-

बिहार विजिलेंस कैडर समाप्त, अब सीधे CMO की रडार पर होंगे भ्रष्ट अधिकारी

नीतीश के चहेते पुराने अफसरों को सम्राट चौधरी ने हटाया, सीएम हाउस और मुख्यमंत्री सचिवालय में नई टीम तैयार

Explainer : 'पावर की चाबी' गृह मंत्रालय! इसके बिना कैसे कमजोर होता है मुख्यमंत्री?