ETV Bharat / state

छुट्टी के दिन भी CM नीतीश 'Super Active', कुर्जी और आनंदपुरी नाला निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

महाशिवरात्रि और रविवार की छुट्टी होने के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज भी सुबह से एक्टिव हैं. उन्होंने नाला निर्माण कार्यों का जायजा लिया.

Nitish Kumar
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 15, 2026 at 2:28 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: राजधानी पटना के बड़े हिस्से में जल जमाव और जाम से मुक्ति दिलाने के लिए नाला और सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निरीक्षण कर निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. पहले आशियाना दीघा रोड में राजीव नगर के पास बनाये जा रहे कुर्जी नाला (राजीव नगर नाला) निर्माण योजना का निरीक्षण किया. उसके बाद आनंदपुरी नाला का भी निरीक्षण किया.

रविवार को भी सीएम एक्टिव: निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नाला निर्माण योजना के अंतर्गत नाले का पक्कीकरण कर इसके ऊपर सड़क का निर्माण किया जा रहा है. इन योजनाओं के पूर्ण होने पर जलजमाव की समस्या से निजात मिलेगी. नाले के ऊपर टू-लेन सड़क निर्माण से लोगों को सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध होगी. इसके साथ ही शहर भी साफ-सुथरा और व्यवस्थित दिखेगा.

Nitish Kumar
सीएम ने नाला निर्माण योजना का किया निरीक्षण (ETV Bharat)

प्रगति यात्रा के दौरान हुआ था फैसला: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान हमने 21 फरवरी 2025 को पटना जिले के विकास कार्यों का जायजा लिया था. उसी दौरान जिले की कई विकास योजनाओं की घोषणाएं की थीं. उसी समय उन्होंने आनन्दपुरी नाला और कुर्जी नाला (राजीव नगर नाला) का निरीक्षण किया था, जिसमें काफी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद थे.

"प्रगति यात्रा के दौरान लोगों की समस्याओं को देखते हुए मैंने निर्देश दिया था कि इन नालों को ठीक करते हुए इसके ऊपर सड़क निर्माण किया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा हो. मुझे खुशी है कि इस पर काम किया जा रहा है."- नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, बिहार

कुर्जी नाला की लंबाई 4.26 किलोमीटर: राजीव नगर नाला पटना शहर के जल निकासी के लिए एक महत्वपूर्ण नाला है. इसकी लंबाई 4.26 किलोमीटर है, जो दीघा आशियाना रोड से प्रारंभ होकर कुर्जी ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशन पर समाप्त होता है. राजीव नगर नाले का पक्कीकरण और इसके ऊपर सड़क निर्माण किया जा रहा है.

Nitish Kumar
निरीक्षण के दौरान नीतीश कुमार (ETV Bharat)

आनंदपुरी नाला की लंबाई 4 किलोमीटर: वहीं आनंदपुरी नाला पटना शहर के जल निकासी के लिए एक महत्वपूर्ण नाला है. इसकी लंबाई लगभग 4 किलोमीटर है, जो बाबा चौक से शुरू होकर अटल पथ और एएन कॉलेज के पास से राजापुर पुल ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशन पर समाप्त होता है. आनंदपुरी नाले का पक्कीकरण और इसके ऊपर सड़क निर्माण किया जा रहा है.

कई अधिकारी रहे सीएम के साथ: निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष परासर, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें: अप्रैल में पूरा हो जाएगा कच्ची दरगाह बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल का निर्माण, CM नीतीश ने लिया जायजा