राबड़ी देवी ने उठाया महिला शिक्षकों के होम डिस्ट्रिक्ट ट्रांसफर का मामला, बोलीं- घर के आसपास हो ड्यूटी
राबड़ी देवी ने आज सदन में महिला शिक्षकों के ट्रांसफर का मुद्दा उठाया. शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने इस पर अमल का भरोसा दिया है.

Published : February 13, 2026 at 4:18 PM IST
पटना: बजट सत्र के नौवें दिन बिहार विधान परिषद में आज शिक्षा मंत्री सुनील कुमार अपने विभाग से जुड़े सवालों का जवाब दे रहे थे, उसी दौरान पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने महिला शिक्षकों को लेकर बड़ी मांग कर दी. सभापति की अनुमति से उन्होंने अपना सुझाव रखा, जिस पर मंत्री ने पहल करने का आश्वासन दिया.
राबड़ी ने महिला शिक्षिकों का मुद्दा उठाया: आरजेडी विधान पार्षद राबड़ी देवी ने कहा कि महिला शिक्षक का ट्रांसफर गृह जिला में होना चाहिए, क्योंकि अगर वह दूसरे जिले में नौकरी करती हैं तो उन्हें बहुत परेशानी होती है. पूर्व सीएम ने कहा कि महिलाओं को घर-परिवार और बच्चों की भी देखरेख करनी होती है. इसीलिए हम सरकार से मांग करती हैं कि जो महिला शिक्षक हैं, उनका ट्रांसफर उनके गृह जिले में ही किया जाए.
"जो महिलाएं शिक्षक हैं. एक दूसरे जिला से दूसरे जिला पर चली गईं हैं. उसको तो उसी जिला में है, वही जिला में कर देना चाहिए. काहे कि महिलाओं को परेशानी होती है. आने-जाने में. दिक्कत होती है. बाल-बच्चे को भी देखती है, घर भी देखती है. जो जिला में है, वही जिला में कर देना चाहिए. घर के आसपास. इससे बहुत सुविधा होगी महिलाओं को."- राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधान परिषद
मंत्री ने दिया आश्वासन: राबड़ी देवी के सवाल पर बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने सकारात्मक जवाब दिया है. उन्होंने कहा, 'सभापति महोदय माननीया सदस्या ने जो बात कही है, उसको हम ग्रहण करते हैं.'
टीचर ट्रांसफर पॉलिसी को लेकर सवाल: इससे पहले 3 फरवरी को भी विधानसभा में टीचर ट्रांसफर पॉलिसी का मामला उठा था. शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने एक विधायक के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि म्यूचुअल ट्रांसफर विकल्प के तहत इच्छुक शिक्षक अपने अनुसार तबादला ले सकते हैं. हालांकि ये शर्त होगी कि उक्त स्कूल का भी शिक्षक उक्त स्कूल में स्थानांतरण चाहते हों.
बजट सत्र का नौवां दिन: आज बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का नौवां दिन है. आज भी दोनों सदनों में विपक्ष ने बढ़ते अपराध और खराब कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया. हालांकि अन्य दिनों की तुलना में आज सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चली.
ये भी पढ़ें:
17000 शिक्षकों को मिला स्थानांतरण के लिए फिर से विकल्प चुनने का मौका, जानें कब कर सकेंगे आवेदन

