तेजस्वी यादव क्यों नहीं आते विधानसभा? सत्ता पक्ष ने घेरा तो विपक्ष ने कहा- इधर-उधर की बात ना करें
बढ़ते अपराध पर जहां विपक्ष हमलावर है, वहीं सदन से तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी पर सत्ता पक्ष ने आरजेडी को घेरने की कोशिश की है.

Published : February 13, 2026 at 1:26 PM IST
पटना: आज बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का नौवां दिन है. विधानसभा में आज भी विपक्षी सदस्यों ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर जमकर हंगामा किया. विधानसभा पोर्टिको में नारेबाजी की. विपक्ष ने आरोप लगाया कि हत्या के मामले में बिहार नंबर वन है. वहीं सत्ता पक्ष ने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के बाद से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी को लेकर विपक्ष पर पलटवार किया है.
अपराध पर विपक्ष ने सरकार को घेरा: सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही आरजेडी और वामपंथी दलों के सदस्यों ने पोस्टर लेकर काफी देर तक नारेबाजी की. जमीन परिमार्जन सहित पूरे बिहार में लगातार हो रही हत्या पर सरकार से जवाब मांगा. वहीं, तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी के सवाल पर जहानाबाद से आरजेडी विधायक राहुल शर्मा ने कहा कि सत्ता पक्ष के लोग जवाब देने की जगह फालतू बातों में उलझाना चाहते हैं.
"सदन में एक-एक प्रतिनिधि का महत्व होता है. विपक्ष अपनी आवाज को मजबूती से उठा रहा है. विपक्ष के सवाल का सत्ता पक्ष के पास जवाब नहीं है. इसलिए इस तरह के बहाने ढूंढते हैं."- राहुल शर्मा, विधायक, राष्ट्रीय जनता दल
'हार से बौखला गए हैं तेजस्वी': तेजस्वी यादव के लगातार सदन नहीं आने पर मंत्री लखेन्द्र पासवान ने कहा महत्वपूर्ण वित्तीय कार्य चल रहा है लेकिन उन्हें सदन की कार्यवाही से कोई मतलब नहीं है. मंत्री ने कहा कि जनता ने जिस प्रकार से प्रचंड बहुमत एनडीए को दिया है, उससे बौखलाए हुए हैं.
"बजट सत्र काफी महत्वपूर्ण सत्र होता है. इसके बावजूद तेजस्वी यादव सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं होते हैं. इसका दो ही कारण हो सकता है. या तो एनडीए को मिले प्रचंड बहुमत से तेजस्वी बौखला गए हैं या उनको जनता के मुद्दों से कोई मतलब नहीं है."- लखेन्द्र पासवान, मंत्री, बिहार सरकार

'बिहार में कानून का राज': बिहार सरकार के एससी-एसटी मंत्री लखेन्द्र पासवान ने कहा कि बिहार में कानून का राज है. कोई भी घटना पर तुरंत एक्शन होता है. आरजेडी का शासनकाल नहीं है, जहां कोई कार्रवाई नहीं होती थी. आज अगर आपराधिक घटनाएं होती हैं तो फौरन एक्शन होता है और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाता है.
ये भी पढ़ें:
'ई जो लड़की है..' बिहार विधान परिषद में CM नीतीश और राबड़ी देवी में तीखी नोकझोंक
'बिहार में जाति देखकर किया जा रहा एनकाउंटर' विपक्ष का नीतीश सरकार पर बड़ा हमला

