'तेजस्वी यादव को माफी मांगनी होगी', रामविलास पासवान के लिए 'बेचारा' शब्द पर बिफरी LJPR
बिहार विधानसभा में आज यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन बिल पर जहां विपक्ष मुखर दिखा, वहीं एलजेपीआर ने तेजस्वी यादव के खिलाफ प्रदर्शन किया. पढ़ें पूरी खबर..

Published : February 16, 2026 at 1:52 PM IST
पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र का आज 10वां दिन है. आज विपक्ष की तरफ से जहां आरजेडी और लेफ्ट के विधायकों ने जमकर हंगामा किया, वहीं सत्ताधारी लोजपा (रामविलास) के सदस्यों ने भी प्रदर्शन किया. चिराग पासवान के विधायकों का आरोप है कि आरजेडी ने उनके दिवंगत नेता रामविलास पासवान को 'बेचारा' बोलकर उनका अपमान किया है.
तेजस्वी के खिलाफ एलजेपीआर आक्रोशित: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सदस्य पोस्टर लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. विधायकों के हाथ में तख्तियां थीं, जिनमें कई स्लोगन लिखे थे. 'देश के दूसरे अंबेडकर का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान'. और 'फेलस्वी का गुंडा दल कर रहा उनका अपमान, जिन्होंने दलितों को दिलाया सम्मान'.
'तेजस्वी को माफी मांगनी होगी': इस दौरान एलजेपीआर विधायक दल के नेता और प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव खुद तो विधानसभा आते नहीं हैं लेकिन उनके दल के नेता हमारे संस्थापक रामविलास पासवान अपमान कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिस तरह दलितों से सबसे बड़े नेता को 'बेचारा' कहना आरजेडी की सोच को दर्शाती है. लिहाजा तेजस्वी यादव को माफी मांगनी होगी.
"दलित के इतने बड़े नेता आदरणीय पद्मभूषण रामविलास पासवान जी ने छह प्रधानमंत्रियों के नेतृत्व में काम किया है, उनके बारे में किस तरह से उनके (तेजस्वी यादव) दल और उनके नेता की सोच है. बेचारा शब्द, ये दर्शाती है कि उनकी सोच. वो दलित विरोधी हैं, पिछड़ा विरोधी हैं. तेजस्वी यादव जी को माफी मांगनी चाहिए."- राजू तिवारी, नेता, विधायक दल, लोजपा (रामविलास)
यूजीसी बिल पर विपक्ष का प्रदर्शन: उधर, राष्ट्रीय जनता दल और वाम वामपंथी दल के सदस्यों ने यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन बिल लागू करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. जब विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई तो एक तरफ विपक्षी विधायक पोस्टर लहराने लगे तो दूसरी तरफ लोजपा रामविलास के सदस्य भी पोस्टर लेकर राजद के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. इस वजह से काफी देर तक प्रश्नकाल पर असर पड़ा. विधानसभा अध्यक्ष ने बहुत कोशिश के बाद सबको शांत कराया.
"हमलोगों की मांग है कि रोहित वेमुला एक्ट जो है, उसको अविलंब लागू किया जाए. कोर्ट के ही आदेश से वह बना था. उसके अंदर कोई कोई थोड़ी-बहुत सुधार की जरूरत है तो वो हो. वो कानून इमीडिएट लागू होना चाहिए."- अजय कुमार, विधायक, सीपीआई (एम)
ये भी पढ़ें: Explainer: UGC बिल पर बिहार में सियासी उथल-पुथल की आहट, क्या सुप्रीम कोर्ट की रोक से थमेगा बवाल?

