ETV Bharat / state

बिहार हेल्थ डिपार्टमेंट में नौकरी की बहार, विधानसभा में 21270 करोड़ से अधिक का बजट पास

बिहार विधानसभा में 21270 करोड़ से अधिक का स्वास्थ्य बजट पास. मंगल पांडे ने कहा कई क्षेत्रों में टॉप राज्यों में बिहार शामिल है.

BIHAR BUDGET SESSION 2026
स्वास्थ्य विभाग का 21270 करोड़ से अधिक का बजट पास (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 16, 2026 at 7:44 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: बिहार विधानसभा में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के बजट पर चर्चा हुई. चर्चा के बाद स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने जवाब दिया और सर्व समिति से चर्चा के बाद वित्तीय वर्ष 2026- 27 के लिए स्वास्थ्य विभाग का 21270.4 1 करोड़ रुपए का अनुदान मांग स्वीकृत हो गया. योजना मद में 10032.7 करोड़ और स्थापना एवं प्रतिबद्ध व्यय मद में 11237.4 करोड़ रुपए रखा गया है.

21270 करोड़ से अधिक का बजट पास: स्वास्थ्य मंत्री ने जवाब में यह भी कहा कि शिशु मृत्यु दर घटकर राष्ट्रीय औसत से बेहतर हो गया है. स्वास्थ्य मंत्री के जवाब का विपक्षी सदस्यों ने यह कहकर बहिष्कार किया कि उनके प्रश्नों का उत्तर नहीं मिल रहा है. कार्यवाही के दौरान सत्ता पक्ष के सदस्यों ने सरकार की ओर से हो रहे कामों की सराहना की तो विपक्षी सदस्यों ने कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश की.

सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप: सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कहा कि नीतीश कुमार के शासन में मेडिकल कॉलेज से लेकर बेहतर इलाज के लिए अस्पताल का निर्माण किया गया है. पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल को 5000 बेड का अस्पताल बनाया जा रहा है, लेकिन जब आरजेडी का शासन था उस समय चरवाहा विद्यालय खोला जा रहा था. इसपर राजद के सदस्यों ने कहा कि पूरे देश में उसकी सराहना हुई थी. सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कहा कि ऐसी बात थी तो कहां चरवाहा विद्यालय खुल गया है, एक भी जगह का नाम बताइए.

"अस्पतालों में दलाल घूमते हैं और मरीज को निजी अस्पतालों में ले जाते हैं. सरकार इस पर कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है और इसीलिए हम लोगों ने मंत्री के जवाब का बहिष्कार कर दिया."- आलोक मेहता, राजद विधायक

विपक्ष ने किया बहिष्कार (ETV Bharat)

कई क्षेत्रों में बिहार टॉप: स्वास्थ्य मंत्री मंडल पांडे ने कहा आलोक मेहता नेता प्रतिपक्ष बनना चाहते हैं. स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा स्वास्थ्य विभाग में नीतीश कुमार के नेतृत्व में लगातार विकास के काम हो रहे हैं और इसी कारण कई क्षेत्रों में बिहार आज टॉप राज्यों में शामिल हो गया है.

14060 एएनएम की नियुक्ति शीघ्र: स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा 44321 से अधिक पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है, जिसमें 14060 एएनएम की नियुक्ति शीघ्र होने वाली है. मेडिकल कॉलेज और अस्पताल और सदर अस्पतालों में 350 से अधिक प्रकार की दवाएं, अनुमंडलीय अस्पताल में ढाई सौ से अधिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 240 से अधिक, शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में 150 एवं हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर में 120 प्रकार की दवावें मुफ्त दी जा रही हैं. सभी जिलों में जीपीएस से लैस 180 मुफ्त औषधि वाहन का संचालन किया जा रहा है.

बिहार का स्वास्थ्य सूचकांक टॉप राज्यों में शामिल: स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा बिहार का स्वास्थ्य सूचकांक भी बेहतर हो रहा है. राज्य का शिशु मृत्यु दर घटकर 23 हो गया है जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है. जबकि 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की मृत्यु दर घटकर 27 हो गया है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है.

वहीं मातृ मृत्यु अनुपात घटकर 104 है जिसे 2030 तक 70 लाने का लक्ष्य है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बिहार का प्रजनन दर 2015-16 में 3.4 था जो अब 2023 के रिपोर्ट के अनुसार घटकर 2.8 हो गया है. वहीं 2025 के प्रतिवेदन के अनुसार बिहार में टीकाकरण 93% हो चुका है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कालाजार उन्मूलन के लिए प्रभावित इलाकों में अभियान चलाकर 2022 में ही हम लोग लक्ष्य को प्राप्त कर चुके हैं.

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के बजट भाषण का मुख्य बातें:

  • ब्लॉक लेवल के हेल्थ सेंटर को स्पेशलिटी हॉस्पिटल के रूप में विकसित किया जाएगा.
  • जिला अस्पतालों को सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के रूप में विकसित किया जाएगा.
  • प्राइवेट हॉस्पिटल चेन को बिहार में हॉस्पिटल खोलने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा.
  • नये मेडिकल कॉलेज में बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए PPP मॉडल लागू किया जाएगा.
  • ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए डॉक्टर के लिए प्रोत्साहन राशि की व्यवस्था की जाएगी.
  • बिहार देश का पहला राज्य है यहां महिलाओं का कैंसर को लेकर टीकाकरण हुआ है.
  • बिहार का शिशु मृत्यु दर घटकर 23 हो गया है, जो राष्ट्रीय औसत 25 से बेहतर है, जबकि नवजात शिशु मृत्यु दर घट कर 18 हो गया है, जो नेशनल एवरेज 19 से बेहतर है.
  • प्रजनन दर 3.4 से घटकर 2.8 हो गया है.

44 हजार से ज्यादा पदों पर नियुक्ति: हेल्थ डिपार्टमेंट में अगले एक साल में 44 हजार से ज्यादा पदों पर नियुक्ति होंगी. इनमें मुख्य पदों में असिस्टेंट प्रोफेसर 1711, आयुष सेक्टर में सहायक प्राध्यापकों के 121 पदों पर नियुक्ति होगी. इनमें सहायक प्राध्यापक (होम्योपैथ) 18, सहायक प्राध्यापक (यूनानी) 15, सहायक प्राध्यापक ( आयुर्वेद) 88, स्पेशल डॉक्टर (फिजीशियन) 304, सीनियर रेजिसेंट ट्यूटर 1047, जूनियर रेजिडेंट 1455, डेंटिस्ट 808, ट्यूटर (नर्सिंग) 498, स्टाफ नर्स 11, 389, ANM 8938, फार्मासिस्ट 2473, मेडिकल कॉलेज में 12627, फाइलेरिया निरीक्षक 69 और खाद्य संरक्षा 138 पदों पर नियुक्ति होगी.

तेजस्वी यादव गायब: सोमवार को भी बिहार विधानसभा की कार्यवाही में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शामिल नहीं हुए. राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव में चर्चा के बाद से नेता प्रतिपक्ष लगातार विधानसभा में अनुपस्थित रह रहे हैं और इसको लेकर सत्ता पक्ष के सदस्य लगातार निशाना साध रहे हैं. ऐसे विपक्ष की अनुपस्थिति में स्वास्थ्य विभाग का बजट सर्व सम्मति से पास हो गया.

ये भी पढ़ें

'तेजस्वी यादव को माफी मांगनी होगी', रामविलास पासवान के लिए 'बेचारा' शब्द पर बिफरी LJPR

'नेता प्रतिपक्ष गायब हैं.. कहां हैं, विपक्ष के लोग बताएं', राजू तिवारी के बयान पर हंगामा

क्या आपको ऑफर दिया जा रहा है? कांग्रेस विधायक बोले- 'यह गोपनीय बात है, यह मैं नहीं बता सकता हूं'

विपक्ष भी विजय सिन्हा के एक्शन के मुरीद! बिहार विधानसभा में विधायकों ने की तारीफ