BJP कार्यकर्ताओं को खरमास खत्म होने का इंतजार, संजय सरावगी करेंगे अपनी नई टीम का ऐलान
खरमास के बाद संजय सरावगी अपनी टीम का ऐलान कर सकते हैं. कुछ पुराने लोगों की छुट्टी होनी तय है. पढ़ें पूरी खबर..

Published : January 4, 2026 at 8:15 PM IST
पटना: बिहार में खरमास के बाद कई महत्वपूर्ण राजनीतिक फैसले लिए जाते हैं. बीजेपी कार्यकर्ताओं को भी खरमास खत्म होने का इंतजार है. पार्टी ने प्रदेश की कमान दरभंगा के विधायक संजय सरावगी को सौंपी है लेकिन अभी तक टीम का ऐलान नहीं हुआ है. चर्चा है कि खरमास बाद सरावगी की टीम की घोषणा हो सकती है.
महामंत्री उपाध्यक्ष और प्रदेश मंत्री की होगी नियुक्ति: नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के समक्ष नई टीम के गठन की चुनौती है. खरमास के बाद संजय सरावगी नई टीम का ऐलान करने की तैयारी कर चुके हैं. भारतीय जनता पार्टी की नई टीम में पाँच महामंत्री, दर्जन भर उपाध्यक्ष, 12 प्रदेश मंत्री, 7 मोर्चा और दर्जन भर प्रकोष्ठ का गठन होना है. 15 जनवरी के बाद प्रदेश कमेटी के गठन की तैयारी है. कुल मिलाकर 50 से अधिक लोगों की अलग-अलग पदों पर नियुक्ति की जानी है.

मिल रही जानकारी के मुताबिक नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश कमेटी के गठन को लेकर एक्सरसाइज शुरू कर दिया है और ज्यादातर प्रदेश महामंत्री और प्रदेश उपाध्यक्ष को कंटिन्यू करने की तैयारी है. दूसरे पदों पर अधिक उलटफेर की संभावना है. संघटनात्मक दृष्टिकोण से युवा और नए चेहरे को मौका दिया जा सकता है.
"प्रदेश कमेटी के गठन का इंतजार सबको रहता है. पार्टी कार्यकर्ता भी खरमास खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं. हमारे प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी खरमास खत्म होने के बाद प्रदेश कमेटी के गठन की प्रक्रिया को पूरी करेंगे. हालांकि प्रदेश अध्यक्ष का विवेक है कि वह प्रक्रिया को कब पूरी करेंगे."- प्रेम रंजन पटेल, प्रवक्ता, बीजेपी

दिलीप जायसवाल की जगह संजय सरावगी ने ली: भारतीय जनता पार्टी ने दरभंगा से विधायक संजय सरावगी को बिहार प्रदेश का अध्यक्ष बनाया है. उन्होंने दिलीप जायसवाल की जगह ली है. जायसवाल को बिहार सरकार में मंत्री बनाया गया है. ऐसे में एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत को लेकर उनको प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ना.

दो प्रदेश अध्यक्ष नहीं पूरी कर सके कार्यकाल: दिलीप जायसवाल के पहले पार्टी में सम्राट चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया था. प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए वह बिहार के उपमुख्यमंत्री बने और एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत को लेकर सम्राट ने प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ा. वह प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर कार्यकाल पूरा नहीं कर सके. सम्राट के बाद दिलीप जायसवाल को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया लेकिन वह भी कार्यकाल पूरा नहीं कर सके.

ये भी पढ़ें:
संजय सरावगी बने बिहार बीजेपी के नए अध्यक्ष
खरमास के बाद नीतीश मंत्रिमंडल में इन नए चेहरों को किया जाएगा शामिल! रेस में सबसे आगे ये विधायक
खरमास के बाद निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री! एक साल से इंतजार में हैं JDU के नेता

