10 हजार युवाओं को मिलेगी फ्री AI ट्रेनिंग, अब व्हाट्सएप पर 24 घंटे मिलेंगी सरकारी सेवाएं
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 'उद्योग वार्ता' का आयोजन हुआ. इसमें बिहार में AI इकोसिस्टम और आधुनिक गवर्नेंस पर जोर दिया गया. पढ़ें


Published : January 10, 2026 at 3:44 PM IST
पटना : बिहार में उद्योगों का जाल बिछे, इसे लेकर नीतीश सरकार की ओर से लगातार प्रयास हो रहे हैं. उसी के तहत बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत हर सप्ताह उद्यमियों से संवाद के लिए उद्योग वार्ता कर रहे हैं . मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में पटना एयरपोर्ट के समीप स्थित वायुयान संगठन निदेशालय में एक फिर से 'उद्योग वार्ता' का आयोजन किया गया.
'AI को हर स्तर पर लागू करना है' : चार घंटे तक चली इस बैठक में उद्योग जगत के 13 प्रमुख प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु बिहार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का विस्तार, डिजिटल गवर्नेंस और औद्योगिक समस्याओं का त्वरित समाधान रहा. बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आधुनिक तकनीक और AI को हर स्तर पर लागू करना है.
''दुनिया तेजी से बदल रही है और बिहार को भी एक सुदृढ़ AI इकोसिस्टम विकसित करना होगा. हमारा लक्ष्य है कि AI के बारे में जन-जन तक जानकारी पहुंचे और सरकारी कार्यप्रणाली में इसका प्रभावी उपयोग हो.''- प्रत्यय अमृत, मुख्य सचिव, बिहार

10 हजार युवाओं को मिलेगी फ्री AI ट्रेनिंग : गूगल इंडिया के प्रतिनिधि राजेश रंजन ने बिहार के युवाओं को AI क्षेत्र में प्रशिक्षित करने का प्रस्ताव दिया. इसके तहत एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा, जिसमें आगामी 6 महीनों में लगभग 10,000 बच्चों को AI का प्रशिक्षण दिया जाएगा. यह कार्यक्रम कॉलेजों में भी संचालित करने का प्रस्ताव है, जिस पर मुख्य सचिव ने सकारात्मक रुख दिखाया.
अजय सिंह और आनंद कुमार ने AI के माध्यम से शिक्षा, महिला एवं बाल कल्याण तथा आम नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए सरकार के साथ काम करने की इच्छा जताई. मुख्य सचिव ने सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह को इस प्रस्ताव पर गहन विचार करने का निर्देश दिया.
व्हाट्सएप पर 24 घंटे सरकारी सेवाएं : संस्थापक पृथ्वी मड्डिराला ने केरल के सबरीमाला की तर्ज पर 'स्मार्ट शेल्टर' और 'स्मार्ट पोल' (AI कैमरा युक्त) का मॉडल प्रस्तुत किया. मुख्य सचिव ने इस पर विचार करते हुए कहा कि बिहार के चुनिंदा इंडस्ट्रियल ज़ोन में इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जा सकता है. सीईओ सुश्री श्रिया दामिनी ने व्हाट्सएप के माध्यम से 24*7 सरकारी सेवाओं और सूचनाओं की उपलब्धता पर प्रस्तुतीकरण दिया. मुख्य सचिव ने बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन (BPSM) को इस प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई हेतु निर्देशित किया.
कई उद्यमी और अधिकारी रहे मौजूद : बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने केवल प्रस्ताव ही नहीं सुने, बल्कि उद्यमियों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान भी किया. सासा मुसा चीनी मिल के पुनरुद्धार हेतु आए आवेदन पर मुख्य सचिव ने संबंधित विभाग को तत्काल निर्णय लेने का आदेश दिया. बैठक में कई उद्यमी और विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित थे.
'उद्योग माहौल बनाने की कोशिश' : स्टार्टअप फंडिंग को लेकर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत द्वारा स्टार्टअप्स को पहले 2 चरणों में दी जाने वाली राशि को एकमुश्त देने के अनुरोध पर विचार करने का आश्वासन दिया गया. सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को लेकर बैठक में राज्य में सेमीकंडक्टर निर्माण हेतु अनुकूल वातावरण बनाने के प्रस्तावों पर भी गंभीरता से चर्चा की गई. नीतीश सरकार ने एक करोड़ नौकरी और रोजगार का वादा किया है. उसको लेकर पूरे प्रदेश में उद्योग का जाल बिछाना है. इस दिशा में मुख्य सचिव हर सप्ताह उद्योग वार्ता कर रहे हैं. इसके माध्यम से एक माहौल बनाने की कोशिश हो रही है.
ये भी पढ़ें :-
बिहार में निवेशकों के लिए नीतीश सरकार ने खोला खजाना, मुफ्त जमीन से लेकर मिलेंगी कई सुविधाएं
कोशिशों के बावजूद निवेशकों को आकर्षित नहीं कर रहा बिहार, क्या है कारण?

