ETV Bharat / state

भोपाल में होली पर भव्य चल समारोह, तो जबलपुर के इस्कॉन में ब्रज जैसी होली, इंदौर-ग्वालियर में भी होली की धूम

चंद्र ग्रहण के बाद बुधवार 4 मार्च को खेली जा रही है होली, मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में होली पर खास आयोजन, जानें कहां किस तरह खेली जाएगी होली.

BIG HOLI EVENETS IN MP today
भोपाल में होली पर भव्य चल समारोह (फाइल फोटो) (CANVA)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : March 4, 2026 at 7:18 AM IST

|

Updated : March 4, 2026 at 7:39 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल/इंदौर/जबलपुर : होलिका दहन के बाद लगे चंद्र ग्रहण के असर से इस बार होली एक दिन देरी से खेली जा रही है. हालांकि, इस देरी की वजह से लोगों में उत्साह की कोई कमी नहीं है. बुधवार 4 मार्च को प्रदेशभर में होली पूरे जोश के साथ खेली जाएगी. वहीं राजधानी भोपाल समेत सभी प्रमुख शहरों में होली को लेकर खास आयोजन हो रहे हैं. राजधानी भोपाल में आज हिंदू उत्सव समिति द्वारा भव्य होली चल समारोह निकाला जा रहा है.

इस रूट से गुजरेगा भोपाल का होली चल समारोह

भोपाल में श्री हिंदू उत्सव समिति द्वारा दयानंद चौक से शुरू होकर जनकपुरी तक भव्य चल समारोह निकाला जाएगा, जिसमें इंदौर की गेर की तरह भोपाल वासी होली खेलते हुए विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे. श्री हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के मुताबिक, '' भोपाल का होली चल समारोह नादरा में जुमेराती रोड पर दयानंद चौक से शुरू होकर पूरे शहर में भ्रमण करेगा. सुबह 10 बजे चल समारोह की शुरुआत होगी जो दयानंद चौक से घोड़ा निक्कास, मंगलवारा, इतवारा, इलेक्ट्रॉनिक मार्केट, चौकी चौक, सावरकर चौक, लखेरापुरा, भवानी चौक, सिंधी मार्केट होते हुए जनकपुरी पहुंचेगा. यहां पर चल समारोह का समापन होगा.''

bhopal holi celebration 2026
इंदौर की गेर की तर्ज पर भोपाल में भी कैनन गन से छोड़े जाएंगे रंग (Etv Bharat)

ऐतिहासिक होगा भोपाल का होली चल समारोह

श्री हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा, '' भोपाल की होली इस बार ऐतिहासिक होने जा रही है. पूरे रास्ते में होली के पारंपरिक गीत के साथ, रंग-बिरंगी झांकियां देखने मिलेंगी. इस दौरान गीत संगीत के साथ जमकर रंग खेला जाएगा और पूरा शहर एकसाथ होली के रंगों में रंगा नजर आएगा. टैंकरों व प्रैशर गन से लोगों के ऊपर रंग गुलाल छोड़ा जाएगा. ''

jabalpur iskon holi 2026
जबलपुर के इस्कॉन टेंपल में रंगों के साथ होगी फूलों की होली (Etv Bharat)

जबलपुर इस्कॉन में ब्रज का आनंद

वहीं, बात करें संस्कारधानी जबलपुर की तो यहां भी होली पर कई छोटे-बड़े आयोजन हो रहे हैं. हालांकि, जबलपुर के इस्कॉन मंदिर की होली हर वर्ष की तरह खास है. लम्हेटा घाट स्थित इस्कॉन टेंपल में बुधवार को ब्रज की तरह होली खेली जाएगी. यहां भगवान और उनके भक्तों पर जमकर पुष्प वर्षा होगी और ब्रज जैसा आनंद होगा. इस अवसर पर वृंदावन से आए विशेष समूह द्वारा भजन प्रस्तुतियां दी जाएंगी. ये आयोजन शाम 5 बजे से शुरू होगा.

indore holi celebration 2026
इंदौर में गेर से पहले होली पर कई प्राइवेट हो रहीं आयोजित (फाइल फोटो) (Etv Bharat)

इंदौर में गेर से पहले कई आयोजन

यूं तो इंदौर में होली का असली रंग गेर में देखने को मिलता है पर उसके पहले शहरभर में कई तरह के आयोजन हो रहे हैं. इंदौर में होली पर कई प्राइवेट ईवेंट भी रखे गए हैं, जिसमें शहर के युवा बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. वहीं, होली का मुख्य आयोजन रंग पंचमी पर होगा, जब इंदौर की विश्व प्रसिद्ध गेर की होली खेली जाएगी.

indore gair 2026
रंगपंचमी पर होगी इंदौर की प्रसिद्ध गेर (Etv Bharat)

यह भी पढ़ें-

ग्वालियर में होली पर मूर्ख सम्मेलन

ग्वालियर में भी होली हर बार की तरह रंगों के साथ हंसी-ठिठोली वाली रहेगी. इस वर्ष भी यहां पारंपरिक मूर्ख सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. महाराजा बाड़ा स्थित विक्टोरिया मार्केट के सामने होने वाले इस आयोजन में हास्य कलाकर ऐसी प्रस्तुतियां देते हैं कि लोग लोटपोट हो जाते हैं. मूर्ख सम्मेलन की शुरुआत ग्वालियर में 1980 में हुई थी.

Last Updated : March 4, 2026 at 7:39 AM IST