यूपी भाजपा में होने जा रहा बड़ा बदलाव, कई पदाधिकारियों को लग सकता है झटका, नए चेहरों को मिलेगी कमान
सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्षों को बदलने की भी चर्चा है, क्योंकि कुछ जगहों पर शिकायतें आई हैं कि चहेतों को बढ़ावा मिला है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 9, 2026 at 3:15 PM IST
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के संगठन में इस बार बड़ा बदलाव होने जा रहा है. पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को मजबूत करने के लिए नए नियम अपनाए हैं. खास बात यह है कि अब दो बार किसी पद पर रह चुके पदाधिकारियों को दोबारा वही जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी.
तीसरी बार किसी को एक ही पद पर मौका नहीं मिलेगा. इस फैसले से कई बड़े और पुराने नेताओं की दावेदारी पर संकट मंडरा रहा है. सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्षों को बदलने की भी चर्चा है, क्योंकि कुछ जगहों पर शिकायतें आई हैं कि चहेतों को बढ़ावा मिला और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हुई.
यह बदलाव मिशन-2027 को ध्यान में रखकर किया जा रहा है. पार्टी चाहती है कि संगठन में नई ऊर्जा आए और युवा तथा नए चेहरों को ज्यादा जगह मिले. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह केंद्रीय नेतृत्व के साथ मिलकर नई टीम तैयार कर रहे हैं. इसमें प्रदेश स्तर से लेकर क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिला इकाइयों और मोर्चा-प्रकोष्ठों तक फेरबदल की योजना है.

यह नियम लागू होने से कई वरिष्ठ पदाधिकारी प्रभावित होंगे, जो पिछले दो कार्यकाल से संगठन में सक्रिय हैं. पार्टी का मानना है कि एक ही व्यक्ति को बार-बार पद पर रखने से नई प्रतिभाओं को मौका नहीं मिल पाता. इसलिए अब नए लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी. साथ ही जातीय और क्षेत्रीय संतुलन भी बनाए रखा जाएगा, ताकि संगठन मजबूत और व्यापक हो सके. काफी पद खाली हैं, जिन्हें योग्य कार्यकर्ताओं से भरा जाएगा.

जिला स्तर पर भी कई जिलाध्यक्ष बदले जा चुके हैं या जल्द बदलेंगे. यह सब बदलाव इसी महीने में पूरा होने की उम्मीद है. बीजेपी का लक्ष्य है कि संगठन इतना मजबूत हो कि 2027 में फिर से बड़ी जीत हासिल की जा सके. इस फैसले को कुछ नेता इसे सकारात्मक बदलाव मान रहे हैं, तो कुछ पुराने कार्यकर्ता निराश भी दिख रहे हैं. कुल मिलाकर यूपी बीजेपी अब नए सिरे से संगठित हो रही है, जिसमें नए चेहरों की एंट्री और पुरानी व्यवस्था में सुधार मुख्य है.
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि इस बार हम अधिक नए चेहरों को मौका देंगे. जिससे पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी. उन्होंने बताया कि संगठन में बदलाव बहुत जल्द कर दिए जाएंगे.
यह भी पढ़ें : अयोध्या में 19 मार्च को चार घंटे रुकेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, श्री राम महा यंत्र स्थापना अनुष्ठान में होंगी शामिल

