ETV Bharat / state

"लाडो लक्ष्मी योजना चुनावी जुमला, पेंशन कटौती से बढ़ा जनाक्रोश", भूपेन्द्र हुड्डा का BJP पर तीखा वार

सोनीपत में भूपेन्द्र हुड्डा ने पेंशन कटौती, लाडो लक्ष्मी योजना, बढ़ते अपराध और शिक्षा नीति पर सरकार को घेरा.

Bhupinder Hooda Slams Haryana Government
सोनीपत में भूपेन्द्र हुड्डा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 11, 2026 at 10:01 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सोनीपत: नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोनीपत पहुंचे. यहां उन्होंने प्रेस वार्ता कर प्रदेश की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला. इस दौरान हुड्डा ने कहा कि, "सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और जनता से किए वादों से मुकर रही है." उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले बड़े-बड़े दावे करने वाली बीजेपी अब अपने वादों से पीछे हट गई है.

पेंशन कटौती पर घेरा: हुड्डा ने आगे कहा कि, "हरियाणा में बुजुर्गों की पेंशन काटी जा रही है, जिससे लाखों वृद्ध बेसहारा हो गए हैं. आय के आधार पर पेंशन में कटौती कर सरकार बुजुर्गों के मान-सम्मान को ठेस पहुंचा रही है. यह कदम सामाजिक सुरक्षा के नाम पर डाका डालने जैसा है. सबसे ज्यादा बीपीएल कार्ड भी इसी सरकार ने काटे हैं."

भूपेन्द्र हुड्डा का BJP पर तीखा वार (ETV Bharat)

लाडो लक्ष्मी योजना को बताया चुनावी जुमला: पूर्व मुख्यमंत्री ने "लाडो लक्ष्मी योजना" को चुनावी जुमला करार दिया. उन्होंने कहा कि, "चुनाव से पहले सभी महिलाओं को पेंशन देने का वादा किया गया था, लेकिन अब सरकार नई शर्तें जोड़कर पीछे हट रही है. जनता के साथ छल हुआ है और अब सच्चाई सामने आ चुकी है."

कानून-व्यवस्था पर प्रहार: हुड्डा ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर भी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि, "हर दिन व्यापारियों से गैंगों द्वारा फिरौती मांगी जा रही है और अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो चुका है. प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और सरकार संगठित अपराध पर लगाम लगाने में नाकाम रही है."

शिक्षा और नौकरियों पर भी उठाए सवाल: हुड्डा ने शिक्षा नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि, "प्रदेश में पांच हजार स्कूल बंद कर दिए गए हैं और शिक्षकों की भर्तियां नहीं हो रहीं. उन्होंने हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन पर तंज कसते हुए कहा कि इसका नाम बदलकर “हरियाणा के युवाओं को नौकरियों से बाहर करो” कर देना चाहिए. एचपीएससी के जरिए युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है."

लोकसभा मुद्दे पर भी बोले हुड्डा: लोकसभा की कार्यवाही का जिक्र करते हुए हुड्डा ने कहा कि, "नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जा रहा. लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना लोकतंत्र का हिस्सा है और राहुल गांधी सदन में अपनी बात बेबाकी से रखेंगे."

ये भी पढ़ें:हरियाणा में बनेगी देश की पहली झूला सेफ्टी पॉलिसी, सूरजकुंड हादसे के बाद CM नायब सिंह सैनी का ऐलान