ETV Bharat / state

भूपेंद्र चौधरी का तीखा हमला, बोले- सपा का PDA का मतलब सिर्फ परिवार और सैफई

भूपेंद्र चौधरी ने सपा के पीडीए फॉर्मूले को परिवारवादी राजनीति करार दिया. कानपुर बीजेपी में चल रही गुटबाजी की खबरों पर भी अपनी बात रखी.

Bhupendra Chaudhary
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व उत्तर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी. (ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 7, 2026 at 8:04 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कानपुर: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी कानपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और विपक्ष के एजेंडे पर जमकर निशाना साधा.

भूपेंद्र चौधरी ने सपा के पीडीए फॉर्मूले को परिवारवाद की राजनीति करार दिया, तो वहीं कानपुर बीजेपी में चल रही गुटबाजी की खबरों पर भी अपनी बात रखी.

सत्ता में रहने पर सिर्फ एक बिरादरी की बात करती है सपा

अखिलेश यादव के 2027 में भी पीडीए फॉर्मूला काम करेगा वाले बयान पर पलटवार करते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के पीडीए का असली मतलब उनका परिवार है, और परिवार में भी सिर्फ सैफई.

उन्होंने आरोप लगाया कि जब ये सरकार में आते हैं, तो केवल एक बिरादरी की बात करते हैं और जब सत्ता से बाहर होते हैं, तो पीडीए का राग अलापते हैं.

विपक्ष का मुख्य एजेंडा समाज को जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर बांटकर देश को कमजोर करना और नकारात्मकता फैलाना है.

मोदी-योगी सरकार के कामकाज के दम पर 2027 में उतरेगी भाजपा

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि आज देश और प्रदेश की पूरी ताकत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों और राज्य सरकार के 9 वर्षों के ऐतिहासिक कार्यों का पूरा लेखा-जोखा हमारे पास है.

बीजेपी के कार्यकर्ता इसी विकास और सुशासन के रिपोर्ट कार्ड को लेकर 2027 के चुनाव में जनता के बीच जाएंगे, उन्हें पूरा विश्वास है कि उत्तर प्रदेश की जनता का अटूट आशीर्वाद एक बार फिर भाजपा को ही मिलेगा.

कानपुर बीजेपी में मतभेद पर कही यह बड़ी बात

कानपुर में मेयर और पार्षदों के बीच चल रही खींचतान और दो धड़ों में बंटी बीजेपी की खबरों पर उन्होंने संगठन का मजबूती से बचाव किया.

भूपेंद्र चौधरी ने साफ किया कि बीजेपी एक बड़े परिवार की तरह काम करती है और परिवार में छोटे-मोटे मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन किसी के बीच कोई मनभेद नहीं है.

कानपुर की जनता ने हमें यहाँ के विकास के लिए चुना है और सभी लोग उसी विकास के एजेंडे पर एकजुट होकर आगे बढ़ रहे हैं. लखनऊ में नेतृत्व द्वारा विपक्ष से लड़ने की दी गई नसीहत पर उन्होंने कहा कि हमारा एक बड़ा वैचारिक समूह है और परिवार को संगठित रखने के लिए मुखिया ऐसी बातें कहते ही रहते हैं, इसे गुटबाजी नहीं कहा जाना चाहिए.

चंदा चोरी के आरोपों पर पलटवार, राम मंदिर पर घेरा

विपक्ष द्वारा चंदा चोरी के मुद्दे को 2027 में भुनाने के सवाल पर भूपेंद्र चौधरी ने जमकर निशान साधा. उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस ने हमेशा भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारा है और अदालतों के माध्यम से भी मंदिर निर्माण को रोकने की कोशिश की.

सपा सरकार के दौरान ही कारसेवकों पर गोलियां चलाई गई थीं. कथित अनियमितताओं के आरोपों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि मोदी-योगी सरकार में राम मंदिर का निर्माण होना सौभाग्य की बात है और जहाँ तक विपक्ष की चर्चाओं का सवाल है, मुख्यमंत्री योगी ने इस मामले में एसआईटी का गठन कर दिया है. जांच की रिपोर्ट आते ही जो लोग भी इसमें दोषी पाए जाएंगे, उन सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.