देशभर में चमका हिमाचल के इस एयरपोर्ट का नाम, हासिल किया दूसरा स्थान
AAI ने हाल ही में एक सर्वे करवाया था. इस सर्वे में हिमाचल के हवाई अड्डे ने दूसरा स्थान हासिल किया था.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 2:10 PM IST
कुल्लू: भुंतर हवाई अड्डा ने एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की ओर से कराए गए कस्टमर सैटिस्फैक्शन सर्वे (CSS)–2025 में अखिल भारतीय स्तर पर संयुक्त रूपप से दूसरा स्थान प्राप्त किया है. AAI के इस सर्वे में यात्रियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाएं, स्टाफ का व्यवहार, टर्मिनल प्रबंधन और समग्र यात्रा अनुभव जैसे प्रमुख मानकों पर मूल्यांकन किया गया. इन सभी मापदंडों पर कुल्लू–मनाली हवाई अड्डे का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा.
भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण एवं गैर-मेट्रो हवाई अड्डा होने के बावजूद, उच्च स्तरीय स्वच्छता बनाए रखने, यात्रियों को त्वरित एवं सुगम सुविधाएँ उपलब्ध कराने, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था तथा सभी हितधारकों के प्रभावी समन्वय के कारण यह उपलब्धि संभव हो पाई है. वहीं, पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने भी भुंतर हवाई अड्डा में दी जा रही बेहतर सुविधाओं की तारीफ की है. बीते दिनों नवजोत सिंह सिद्धू अपने परिवार के साथ कुल्लू मनाली भी घूमने आए थे और उन्होंने मनाली के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भी दौरा किया था.
एयरपोर्ट के बनने से मिली सुविधा: सिद्धू
भुंतर हवाई अड्डा से वापस अमृतसर जाते समय नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि 'इससे पहले अमृतसर से कुल्लू आने के लिए 10 घंटे का सड़क से सफर करना पड़ता था और कई बार लोगों की तबीयत भी खराब हो जाती थी, लेकिन अब हवाई सेवा शुरू होने से मात्र 45 मिनट में अमृतसर का सफर पूरा हो रहा है. इस एयरपोर्ट के बनने से काफी सुविधा मिल रही है.' इसके अलावा भुंतर हवाई अड्डा से कई अन्य राज्यों को हवाई सेवाएं दी जा रही हैं. ऐसे में भुंतर हवाई अड्डे का बेहतर प्रबंधन और स्टाफ का व्यवहार भी उन्हें काफी अच्छा लगा है.
'सुविधाजनक यात्रा अनुभव देना AAI की प्राथमिकता'
इस अवसर पर विमानपत्तन निदेशक सिद्धार्थ कुमार कदम्ब ने खुशी जाहित करते हुए कहा कि 'ये उपलब्धि हवाई अड्डे पर कार्यरत समस्त स्टाफ, एयरलाइंस, सुरक्षा एजेंसियों, ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों और कंसेशन धारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है. यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना AAI की सर्वोच्च प्राथमिकता है. ये सम्मान न केवल अब तक किए गए प्रयासों की पुष्टि करता है, बल्कि भविष्य में और बेहतर सेवाएं एवं सुविधाएं विकसित करने के लिए भी प्रेरित करता है.'

